कल्याण-डोंबिवली बनेगा 'स्मार्ट हब': 4900 करोड़ से बिछेगा मेट्रो और रिंग रोड का जाल, सांसद शिंदे ने लिया जायजा

Kalyan Infrastructure Project: सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कल्याण लोकसभा क्षेत्र के लिए 4,897.19 करोड़ के इंफ्रा प्रोजेक्ट्स का ऐलान किया है। इसमें मेट्रो लाइन 12 और डबल-डेकर फ्लाईओवर शामिल है।
Kalyan Lok Sabha Infrastructure Metro Ring Road MMRDA Budget Shrikant Shinde
निर्माण कार्यों का जायजा लेते सांसद श्रीकांत शिंदे (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

MMRDA Budget Kalyan Project News: ठाणे जिले के कल्याण लोकसभा क्षेत्र में मेट्रो एवं रिंग रोड का जाल बिछाने की तैयारी की गई है।राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के पुत्र डॉ. श्रीकांत शिंदे के संसदीय क्षेत्र कल्याण को ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए एलिवेटेड मेट्रो के साथ साथ रिंग रोड एवं फ्लाईओवर के काम किए जा रहे हैं। शुक्रवार को एमएमआरडीए, एमएसआरडीसी एवं केडीएमसी के अधिकारियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न कार्य स्थलों का दौरा करने के बाद सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने बताया कि एमएमआरडीए की इस बजट में कल्याण के लिए लगभग 4 हजार 900 करोड़ की निधि प्राप्त हुई है।

मेट्रो, रोड एवं ब्रिज का नेटवर्क

सांसद डॉ. शिंदे के अनुसार कल्याण लोकसभा में रिंग रोड के साथ कई मेट्रो और ब्रिज का नेटवर्क बनाया जा रहा है। इससे आने वाले समय में अगल बगल के शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ ट्रैफिक की समस्या नहीं होगी। कल्याण लोकसभा क्षेत्र में मेट्रो 5 ए अंबरनाथ से जुड़ेगा। इसी तरह मेट्रो 12 जिसे कल्याण से तलोजा को जोड़ा जा रहा है। इसी तरह मेट्रो 14 कल्याण होते हुए बदलापुर से जुड़ेगा।

Kalyan Lok Sabha Infrastructure Metro Ring Road MMRDA Budget Shrikant Shinde
कल्याण में मेट्रो का काम जारी

पहला डबल डेकर फ्लाईओवर

कल्याण लोकसभा क्षेत्र में पहला डबल डेकर फ्लाईओवर एवं एक्ससेस कंट्रोल रोड,पलावा के दूसरे ब्रिज एवं रिंग रोड के अलग अलग सेगमेंट का काम हो रहा है। तीसरा पत्री पुल बनाने की योजना है। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की मदद से कल्याण लोकसभा क्षेत्र में इंफ्रा प्रोजेक्टस को आगे बढ़ाने में पूरी मदद मिली है।

एमएमआरडीए के साथ एमएसआरडीसी एवं कल्याण डोम्बिवली मनपा के समन्वय से रोड, मेट्रो,ओवरब्रिज जैसे बड़े कार्यों को गति मिल रही है। कुछ स्थानों पर भूमि अधिग्रहण की समस्या आ रही है,लेकिन उसे भी दूर करने का प्रयास जारी है। सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने कहा कि पूरे कल्याण लोकसभा क्षेत्र का चेहरा मोहरा बदलने का काम पिछले कई वर्ष से हो रहा है।

Kalyan Lok Sabha Infrastructure Metro Ring Road MMRDA Budget Shrikant Shinde
कल्याण में बन रहा फ्लाईओवर

4,897.19 करोड़ रुपये का प्रावधान

मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) के साल 2026-27 के बजट में कल्याण लोकसभा क्षेत्र के प्रोजेक्ट्स के लिए 4,897.19 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे मेट्रो, सड़कें, एलिवेटेड रोड, पहला डबल डेकर एलिवेटेड रोड बिछाया जाएगा। इस साल के बजट में ऐरोली कटाई एलिवेटेड रोड (फ्रीवे) फेज़ 3 के कंस्ट्रक्शन के लिए 900 करोड़ का है। काटई इलाके में मेट्रो, एक्सेस कंट्रोल रोड, ऐरोली काटई रोड उतरते हैं। डबल डेकर रूट भी यहीं से गुजरेगा। कल्याण से तलोजा तक मेट्रो 12 रूट का काम तेजी से चल रहा है। मेट्रो 12 A प्रोजेक्ट के लिए 8,414.53 करोड़ रुपये की एडमिनिस्ट्रेटिव मंजूरी दी गई है।

सांसद शिंदे के अनुसार डोंबिवली, मानपाड़ा, काटई नाका, ग्रोथ सेंटर, देसाई नाका, पडेगांव, कल्याण फाटा, गोठेघर, दहिसर मोरी, दहिसरगांव, किरावली गांव, रोहिंजन, खुटारी गांव इलाकों के यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। वहीं, इस साल मेट्रो 12 के काम के लिए 1,54.54 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

तीसरा पत्री ब्रिज भी लोगों की सेवा में आ जाएगा। कल्याण रिंग रोड के काम के लिए MMRDA बजट में 600 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस प्रोजेक्ट का दूसरा फेज मंजूर हो गया है और तीसरे फेज के लिए भी फंड मिल गया है। इस प्रोजेक्ट के फेज 4, 5, 6 चालू हैं।

मेट्रो 5, मेट्रो 5A, मेट्रो 14

ठाणे - भिवंडी - कल्याण मेट्रो 5 रूट के लिए 1,309.90 करोड़ रुपये और दुर्गाडी से उल्हासनगर - अंबरनाथ मेट्रो 5A रूट के लिए 183.35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे यह मेट्रो रूट जल्दी पूरा हो जाएगा। वहीं, कांजुरमार्ग से बदलापुर मेट्रो 14 के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। विट्ठलवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास से कल्याण अहिल्यानगर हाईवे तक सीधे वालधुनी नदी के किनारे एलिवेटेड रोड के काम का जायजा भी सांसद डॉ. शिंदे ने लिया। इस प्रोजेक्ट के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com