अदनान सामी पर लगा धोखाधड़ी का आरोप, ग्वालियर कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट, जानें पूरा मामला

Adnan Sami Fraud Case: ग्वालियर की व्यवसायी लावन्या सक्सेना ने दावा किया कि गायक अदनान सामी की टीम ने साल 2022 में एक संगीत कार्यक्रम के लिए 17.62 लाख रुपये एडवांस लिए, लेकिन शो रद्द कर दिया।
अदनान सामी पर लगा धोखाधड़ी का आरोप, ग्वालियर कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट, जानें पूरा मामला
अदनान सामी पर लगा धोखाधड़ी का आरोप
Published on: 
Updated on: 

Adnan Sami Accused of Fraud: मशहूर गायक अदनान सामी, जिन्होंने पाकिस्तान छोड़कर भारतीय नागरिकता ली थी और ‘तेरा चेहरा’ जैसे हिट गानों से पहचान बनाई, अब एक धोखाधड़ी मामले में फंसते नजर आ रहे हैं। मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले का है, जहां स्थानीय व्यवसायी लावन्या सक्सेना ने अदालत में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार, अदनान सामी की टीम ने 17.62 लाख रुपये एडवांस लेने के बाद तय कार्यक्रम रद्द कर दिया और रकम लौटाने से इनकार कर दिया।

अधिवक्ता अवधेश सिंह तोमर के मुताबिक, यह मामला साल 2022 का है। लावन्या सक्सेना ने अदनान सामी की टीम से ग्वालियर में एक संगीत कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संपर्क किया था। पूरे कार्यक्रम के लिए 33 लाख रुपये की डील हुई थी। समझौते के तहत लावन्या ने 17 लाख 62 हजार रुपये एडवांस के तौर पर भुगतान कर दिए थे, जबकि बाकी राशि कार्यक्रम के बाद देने की बात तय हुई थी।

अदनान सामी की टीम ने रद्द किया कार्यक्रम

कार्यक्रम की तारीख 27 सितंबर 2022 तय हुई थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद अदनान सामी की टीम ने अचानक यह कार्यक्रम रद्द कर दिया। टीम की ओर से कहा गया कि यह शो बाद में आयोजित किया जाएगा। हालांकि, कई महीनों तक कार्यक्रम नहीं हुआ और जब आयोजक लावन्या ने पैसे वापस मांगे, तो टीम ने राशि लौटाने से मना कर दिया।

पुलिस कार्रवाई न होने पर कोर्ट का रुख

लावन्या का कहना है कि उन्होंने पहले इंदरगंज थाना पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक (SP) से भी संपर्क किया, पर वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उन्होंने जिला न्यायालय ग्वालियर में परिवाद दायर किया। अब अदालत ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए इंदरगंज थाने से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।

अदनान सामी की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं

अदालत ने पूछा है कि शिकायत दर्ज होने के बाद अब तक पुलिस ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है। इस पूरे विवाद पर अदनान सामी या उनकी टीम की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अदालत की रिपोर्ट के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला आगे किस दिशा में बढ़ेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com