महाराष्ट्र चुनाव: बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट, 25 नामों का किया ऐलान

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के भारतीय जनता पार्टी ने 25 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। इससे पहले बीजेपी ने 99 उम्मीदवाराें की पहली व 22 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की थी।
महाराष्ट्र चुनाव: बीजेपी ने जारी की उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट, 25 नामों का किया ऐलान
देवेंद्र फडणवीस व नरेंद्र मोदी (सोर्स एएनआई)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के भारतीय जनता पार्टी ने 25 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। इससे पहले बीजेपी ने 99 उम्मीदवाराें की पहली व 22 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। अब तक बीजेपी ने तीन सूचियों में 146 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की है। तीसरी लिस्ट में नागपुर पश्चिम से सुधाकर कोहले और नागपुर उत्तर से मिलिंद पांडुरंग माने को उम्मीदवार बनाया है।

बीजेपी ने सोमवार को जारी की तीसरी लिस्ट में नागपुर-मध्य सीट से प्रवीण प्रभाकरराव दटके, सावनेर से आशीष रंजीत देशमुख, कटोल से चरणसिंग ठाकुर, आर्वी से सुमित वानखेड़े, चंद्रपुर से किशोर जोरगेवार, साकोली से अविनाश ब्राह्मणकर, वसई से स्नेहा दुबे, वर्सोवा से भारती हेमंत लव्हेकर, बोरीवली से संजय उपाध्याय और लातूर शहर से अर्चना चाकुरकर को टिकट दिया है।

इसी प्रकार कराड उत्तर सीट से मनोज घोरपड़े, मालशिरस से राम सतपुते, आष्टी से सुरेश धस, घाटकोपर पूर्व से पराग शाह और मुर्तिजापुर से हरीश पिंपले को टिकट दिया गया है। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी पहली सूची में 99 उम्मीदवारों की घोषणा की थी वहीं दूसरी सूची में 22 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था।

पहली लिस्ट में थे ये बड़े नाम

पहली लिस्ट में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत तमाम दिग्गज नेताओं के नाम शामिल थे। इस प्रकार बीजेपी अब तक 146 सीट पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है। देवेन्द्र फडणवीस नागपुर दक्षिण पश्चिम से बीजेपी के उम्मीदवार हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, मंत्री गिरीश महाजन, सुधीर मुनगंटीवार, अतुल सावे जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी टिकट दिया गया।

20 नवंबर को होगा मतदान

महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को एक चरण में ही मतदान होने हैं, जबकि 23 नवंबर को नतीजों की घोषणा की जाएगी। महाराष्ट्र में बीजेपी महायुति गठबंधन का हिस्सा है और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर इस बार चुनावी मैदान में है।

Navbharat Live
navbharatlive.com