‘13 फरवरी को संसद में बम चलेगा’, दिल्ली को दहलाने के लिए मेल से आई धमकी, स्कूलों का भी किया जिक्र

Parliament Bomb Alert: राजधानी दिल्ली के नौ स्कूलों और संसद भवन को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी ने 13 फरवरी को धमाके करने का दावा किया है।
mail threat for parliament
दिल्ली में बम की धमकी से हड़कंप, (प्रतीकात्मक फोटो)
Updated on

Parliament Bomb Threat: सोमवार सुबह दिल्ली के कई प्रतिष्ठित स्कूलों और भारतीय संसद को एक खौफनाक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। इस ईमेल में दावा किया गया है कि "दिल्ली खालिस्तान बनेगा" और आगामी 13 फरवरी को संसद में बड़े धमाके किए जाएंगे।

आज सुबह संसद को बम से दहलाने के लिए ईमेल के जरिए धमकी दी गई है। इसके साथ ही दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में स्थित लगभग नौ स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस मेल में पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ-साथ विदेश मंत्री का भी जिक्र किया गया है।

संसद भवन को दहलाने की साजिश: 13 फरवरी की दी गई डेडलाइन

ईमेल में केवल स्कूलों ही नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र के केंद्र 'संसद भवन' को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल भेजने वाले ने लिखा है कि 13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे संसद में धमाका होगा। चौंकाने वाली बात यह है कि इस ईमेल में संसद को 'हिंदुस्तानी पार्लियामेंट' कहकर संबोधित किया गया है और धमाके को अफजल गुरु की याद में करने की बात कही गई है। इस धमकी के बाद संसद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है।

जिन स्कूलों को यह ईमेल प्राप्त हुआ, उनमें लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल (दिल्ली कैंट), केम्ब्रिज स्कूल (श्री निवासपुरी और NFC), वेदव्यास इंटरनेशनल/वेदांत/वेयकेटेश्वर स्कूल (रोहिणी), द इंडियन स्कूल (सादिक नगर), एयर फ़ोर्स स्कूल (लोधी रोड और सुब्रतो पार्क), केआर मंगलम स्कूल और बाल भारती स्कूल (रोहिणी) शामिल हैं। धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम डिस्पोजल स्क्वाड की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं और स्कूलों को खाली कराकर गहन तलाशी अभियान शुरू किया गया। ईमेल में दावा किया गया था कि इन स्कूलों में सोमवार दोपहर 1:11 बजे धमाके होंगे।

mail threat for parliament and schools

खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम: ईमेल में किसका जिक्र?

ईमेल भेजने वाले ने खुद को 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का सदस्य बताया है। इस मेल में दो विशिष्ट नामों का भी उल्लेख किया गया है- गुरनख सिंह और रुकन शाहवाला। इसके अलावा, ईमेल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर को 'खालिस्तान का दुश्मन' बताया गया है। ईमेल में बार-बार यह दोहराया गया है कि "पंजाब खालिस्तान है" और "दिल्ली खालिस्तान बन जाएगा।"

पुलिस की जांच: अफवाह या बड़ी साजिश?

दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में ये कॉल्स और ईमेल संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह किसी की शरारत या सनसनी फैलाने की कोशिश हो सकती है, क्योंकि बीते महीनों में भी राजधानी के स्कूलों को कई फर्जी धमकी भरे ईमेल मिले थे, जिनमें से अधिकांश विदेशी सर्वर या इंटरनेट कॉल्स के जरिए भेजे गए थे।

हालांकि, सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत हर इनपुट को गंभीरता से लिया जा रहा है और बम निरोधक दस्ता सभी चिन्हित स्थानों की जांच कर रहा है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे पैनिक न करें, बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com