'छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल, वे इस धरती के भांजे...' रजत जयंती महोत्सव में पहुंचे PM मोदी

PM मोदी आज Chhattisgarh के दौरे पर है यहां उन्होंने राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे रजत जयंति कार्यक्रम में हिस्सा लिया। PM ने तमाम कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
pm-modi-in-chhattisgarh-rajat-jayanti-inaugurates-projects-worth-14260-crore-ram-se-rashtra-speech
छत्तीसगढ़ के रजत जयंती महोत्सव में पहुंचे पीएम मोदी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

PM Modi in Chhattisgarh Raipur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती महोत्सव में शामिल होने रायपुर पहुंचे। यह दौरा राज्य के लिए कई मायनों में अहम है। प्रधानमंत्री यहां सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। उनके इस दौरे से राज्य के विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद की बातें की जा रही है।

रायपुर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नवा रायपुर अटल नगर में एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। पीएम मोदी ने शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का भी उद्घाटन किया। यह संग्रहालय राज्य के वीर जनजातीय समुदायों के साहस, बलिदान और देशभक्ति की विरासत को संरक्षित करने और प्रदर्शित करने का काम करेगा। पीएम मोदी ने कहा, "आज भी छत्तीसगढ़ को लोकतंत्र का नया मंदिर और नया विधानसभा भवन मिला है। यहां आने से पहले भी मुझे आदिवासी संग्रहालय के लोकार्पण करने का अवसर मिला। इस मंच से भी लगभग 14 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इन विकास कार्यों के लिए आप सभी को बहुत बहुत बधाई देता हूं।"

'नक्सलवाद से समृद्धि तक का सफर'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने अद्भुत और प्रेरणादायी परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि कभी यह राज्य नक्सलवाद और पिछड़ेपन से पहचाना जाता था, लेकिन आज वही राज्य समृद्धि, सुरक्षा और स्थायित्व का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने इस बदलाव का श्रेय छत्तीसगढ़ की जनता के परिश्रम और भाजपा की सरकारों के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया। पीएम मोदी ने कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर बहुत सुखद दिन है, क्योंकि एक कार्यकर्ता के रूप में उनका इस भूमि से आत्मीय नाता रहा है और उन्होंने इस परिवर्तन को करीब से देखा है। पीएम ने कहा कि 25 साल पहले अटल जी की सरकार का सपना साकार हो रहा है।

'राम से राष्ट्र का संकल्प'

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्री राम का ननिहाल है, वे इस धरती के भांजे हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा के समय 'देव से देश' और 'राम से राष्ट्र' का संकल्प लिया गया था। इसका अर्थ है सुशासन, जनकल्याण, 'सबका साथ-सबका विकास' और एक ऐसा भारत जहां कोई गरीब या दुखी न हो। 'राम से राष्ट्र' का अर्थ स्वस्थ और सुखी भारत का निर्माण है। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि भारत आतंक के विनाश की प्रतिज्ञा करके आतंकियों की कमर तोड़ रहा है और नक्सलवाद व माओवादी आतंक को भी समाप्त करने की तरफ बढ़ रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com