

Andhra Pradesh Srikakulam Venkateswara Temple Stampede: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम से एक बेहद दर्दनाक खबर ने देश को झकझोर दिया है। काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में कार्तिक एकादशी पर दर्शन करने आई भारी भीड़ बेकाबू हो गई। मंदिर की सीढ़ियों पर धक्का-मुक्की के बीच एक रेलिंग टूट गई, जिससे जानलेवा भगदड़ मच गई। इस दिल दहला देने वाले हादसे में अब तक की सूचना के अनुसार 8 महिलाओं और 2 बच्चों समेत 10 श्रद्धालुओं की कुचलकर मौत होने की खबर है वहीं 25 से ज्यादा लोग घायल हैं। PM ने घटना पर दुख जताते हुए मृतको को 2 लाख व घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजे की घोषणा की। घटना की मुख्य वजह सामने आ रही है कि यह निर्माणाधीन स्थल पर क्षमता से अधिक लोगों के बुलाने की वजह से हुई है। हादसे को लेकर सीएम नायडू ने दुख जताते हुए मामले की जांच के आदेश दे दिये है।
हादसे के बाद के वीडियो रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं। मंदिर की सीढ़ियों पर लोग एक-दूसरे पर गिर रहे थे। महिलाएं और बच्चे जान बचाने के लिए चीख-चिल्ला रहे थे, लेकिन भीड़ उन्हें रौंदती हुई आगे बढ़ती रही। कई लोग बेसुध होकर सीढ़ियों पर ही पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाकर भीड़ में फंसी महिलाओं और बच्चों को हाथ-पैर पकड़कर बाहर निकाला। कई महिलाएं मौके पर ही बेहोश हो गईं, जिससे चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री अनीता ने बताया कि मंदिर पहली मंजिल पर है और वहां जाने के लिए सिर्फ 20 सीढ़ियां हैं। आम तौर पर यहां 1500 से 2000 लोग आते हैं, लेकिन एकादशी के कारण करीब 25,000 लोग दर्शन के लिए पहुंच गए, जिससे व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। इसी धक्का-मुक्की में रेलिंग टूटी। सूत्रों के मुताबिक, यह एक निजी मंदिर है और यह एंडोमेंट्स विभाग के तहत नहीं आता। आयोजकों ने इतनी बड़ी भीड़ के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली थी और जिस जगह लोग जमा थे, वह निर्माणाधीन भी थी।
इस भीषण हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, "यह घटना बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।" पीएम मोदी ने PMNRF से मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने 'एक्स' पर लिखा कि वह इस घटना से दुखी हैं और अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने भी 10 भक्तों (जिनमें एक बच्चा भी शामिल है) की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार घायलों को सबसे अच्छा इलाज मुहैया कराने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है।