(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Gold And Silver Rate Today: सोना और चांदी दोनों कीमती धातुएं तेजी के नये कीर्तिमान बना रही हैं। यह लगातार चौथा वर्ष है जब सोना के साथ-साथ चांदी में भी तेजी आ रही है। वैश्विक बाजार में पिछले 3 वर्षों (2022-24) में चांदी कीमतों में 31% की तेजी दर्ज हुई है।
इस साल अब तक 60% का जबरदस्त उछाल आ चुका है, जबकि पिछले 3 वर्षों में सोना की कीमतों में 46% की बड़ी तेजी दर्ज हुई है और इस साल अब तक सोना 50% महंगा हुआ है।
वैश्विक बाजार में अब सोना 4,000 डॉलर प्रति औंस तथा चांदी 50 डॉलर प्रति औंस की ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंचती नजर आ रही है, जबकि वैश्विक बाजार में तेजी के असर के साथ यहां टैक्स वृद्धि और भारतीय मुद्रा के कमजोर होने के कारण भारतीय बाजार में पिछले 3 वर्षों में जहां सोना 60% महंगा हुआ है। वहीं चांदी 43% महंगी हुई है और इस साल अब तक सोना की कीमतों में 56% तथा चांदी कीमतों में 73% की रिकॉर्ड तेजी आ चुकी है।
नागपुर के सराफा बाजार में सोना 3 प्रतिशत जीएसटी के साथ 1,22,700 रुपये प्रति 10 ग्राम तथा चांदी 1.54 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (टैक्स सहित) की नई ऊंचाई पर पहुंच गयी है। बिना जीएसटी के चांदी 1.51 लाख रुपये प्रति किलोग्राम व सोना 1,19,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा है।
सराफा व्यापारियों के अनुसार सोना-चांदी की कीमतों में तेजी के पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त हो रहे हैं। तेजी का यह दौर सबसे अलग प्रतीत हो रहा है। इस साल गोल्ड की कीमतें अब तक 56% बढ़ चुकी हैं। यह वर्ष 1973-1974 के बाद यानी 50 वर्षों में सबसे बड़ी तेजी है। उस साल कीमतों में 82% का रिकॉर्ड उछाल आया था, जबकि चांदी में वर्ष 2010-2011 के बाद यानी 15 वर्षों में सबसे बड़ी तेजी है। उस साल चांदी में 100% की रिकॉर्ड तेजी आई थी।
यह भी पढ़ें:- दिवाली में घर जाना पड़ेगा महंगा! आसमान छूने लगा हवाई किराया, बस टिकट की कीमत भी बढ़ी
अमेरिका की अनिश्चित आर्थिक नीतियों और बढ़ते वैश्विक तनाव से दुनिया के केंद्रीय बैंकों का अमेरिकी डॉलर सहित सभी पेपर करेंसी पर भरोसा घटता रहा है और गोल्ड पर बढ़ता जा रहा है। साथ ही गोल्ड प्रोडक्शन भी घट रहा है। अब चांदी में कई केंद्रीय बैंक खरीदी करने लगे हैं।
सऊदी सेंट्रल बैंक चांदी का बड़ा लिवाल बन गया है। लिहाजा विश्व स्तर पर सुरक्षित निवेश के लिए अब निवेशकों का रुझान चांदी की तरफ भी बढ़ गया है। अनुमान है कि चौतरफा बढ़ती मांग के कारण अगले साल चांदी की कीमत भारत में 2 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाएगी। सोना भी भारत में 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।