Budget 2026: कहां गई नागपुर-मुंबई बुलेट ट्रेन? बजट में रेलवे की बड़ी घोषणाएं, पर संतरा नगरी के लिए कुछ नहीं

Nagpur in Union Budget 2026: नागपुर और विदर्भ को रेलवे में बड़ा झटका! 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर से नागपुर-मुंबई बुलेट ट्रेन गायब। रेल संगठनों में भारी नाराजगी। पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें।
Budget 2026: Nagpur left behind in High-Speed Rail race. Mumbai-Nagpur Bullet Train missing from 7 new corridors despite DPR completion.
निर्मला सीतारमण (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur Railway Budget 2026: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को आम बजट 2026-27 संसद में पेश किया। उन्होंने कहा कि रेलवे को लेकर केंद्र सरकार ने बड़े और महत्वाकांक्षी प्रावधान किए हैं। उन्होंने प्रस्तुत बजट को #ViksitBharatBudget का नाम देते हुए देश के बुनियादी ढांचे, विशेषकर रेल कनेक्टिविटी के लिए ऐतिहासिक बताया।

बजट में महाराष्ट्र में रेलवे के लिए 23,778 करोड़ का रिकॉर्ड आवंटन किया है। हालांकि इन तमाम बड़ी घोषणाओं के बीच नागपुर और विदर्भ को लेकर निराशा और नाराजगी है क्योंकि देश में सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल नागपुर को हाई स्पीड रेल कॉरिडोर से बाहर कर दिया गया है।

इससे पहले नागपुर और मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन की घोषणाएं की जाती रही हैं। देश के भौगोलिक केंद्र और प्रमुख रेल जंक्शन होने के बावजूद नागपुर को बजट में कोई ठोस और प्रत्यक्ष सौगात नहीं मिलने से स्थानीय यात्रियों और रेल संगठनों में असंतोष है।

ये होंगे 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर

  • मुंबई-पुणे
  • पुणे-हैदराबाद
  • हैदराबाद-बेंगलुरु
  • हैदराबाद-चेन्नई
  • चेन्नई-बेंगलुरु
  • दिल्ली-वाराणसी
  • वाराणसी-सिलीगुड़ी (इन कॉरिडोर को विकास के ग्रोथ कनेक्टर के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यात्रियों की समय बचत के साथ-साथ माल परिवहन भी तेज होगा। हालांकि देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे 15 शहरों में शामिल नागपुर को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया।)

इन रूटों पर चाहिए सेमी हाई स्पीड ट्रेनें

नागपुर-मुंबई नागपुर-दिल्ली नागपुर-चेन्नई नागपुर-बेंगलुरु नागपुर-हावड़ा (कोलकाता) (इनमें से किसी भी रूट पर एक भी सेमी हाई स्पीड ट्रेन नहीं दी और न ही हाई स्पीड रेल कॉरिडोर)

विदर्भ भी नजरअंदाज

विदर्भ के नजरिये से देखें तो बजट में बड़े शहरों और कॉरिडोर पर अधिक ध्यान दिया गया, जबकि मध्य भारत और विदर्भ जैसे क्षेत्रों की जमीनी जरूरतों को नजरअंदाज किया गया। कई सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाया है कि जब नागपुर देश के सबसे महत्वपूर्ण रेल जंक्शनों में से एक है, तो यहां से सीधी लंबी दूरी की ट्रेनों और नई सेवाओं की घोषणा क्यों नहीं की गई।

क्या बक्से में बंद हो गई नागपुर-मुंबई बुलेट

उल्लेखनीय है कि मुंबई-अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन के बाद घोषित हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में नागपुर-मुंबई-नागपुर बुलेट ट्रेन की भी घोषणा की गई थी। इसके बाद डीपीआर से लेकर एरियल सर्वे तक का काम पूरा कर लिया गया था, लेकिन बजट 2026-27 में वित्त मंत्री सीतारमण ने जिस तरह 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में से नागपुर-मुंबई रूट का नाम ही गायब कर दिया।

इससे संदेह हो रहा है कि क्या इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बक्से में बंद कर दिया गया है? उल्लेखनीय है कि अजनी स्टेशन की पुनर्विकास परियोजना के समय में भी दावे किये जा रहे थे कि यहां बुलेट ट्रेन का प्लेटफॉर्म भी बनाया जाएगा। एक ही झटके में पूर्व घोषित नागपुर-मुंबई बुलेट ट्रेन योजना की पटरियां ही उखाड़ दी गईं।

Navbharat Live
navbharatlive.com