
पुल ढ़हा (सौजन्य- सोशल मीडिया)
सीवान: बिहार के कई इलाकों में लगातार पुल ढ़हने की घटनाएं हो रही हैं। सीवान जिले में गंडकी नदी पर बने पुल का एक हिस्सा बुधवार सुबह ढह गया। यह पिछले 15 दिन में राज्य में ऐसी सातवीं घटना है। इससे पहले मधुबनी-सुपौल के बीच भूतही नदी पर पुल ढह गया था, जिसके बाद राज्य सरकार की किरकिरी हुयी थी।
सीवान जिले के देवरिया ब्लॉक में गंडकी नदी पर बना यह छोटा पुल कई गांवों को महाराजगंज से जोड़ता है। इस घटना में किसी के हताहत होने की फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिली है। पिछले 11 दिन में सिवान में पुल ढहने की यह दूसरी घटना है। उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि पुल गिरने के असल कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के वरिष्ठ अधिकारी पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देवरिया ब्लॉक में आज सुबह पुल का एक हिस्सा गिर गया। इस घटना का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। ब्लॉक के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और मैं भी वहां जा रहा हूं।”
कुमार ने कहा, ‘‘यह घटना तड़के करीब पांच बजे हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण 1982-83 में हुआ था। पिछले कुछ दिनों से पुल की मरम्मत का काम जारी था।” ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दिनों में हुई भारी बारिश के कारण पुल ढह गया होगा।
उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि गंडकी नदी के उफान पर होने के कारण पुल की संरचना संभवत: कमजोर हो गई। इस घटना से मात्र 11 दिन पहले ही सिवान में एक पुल ढहा था। इन घटनाओं ने बिहार में बुनियादी ढांचे की स्थिति को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। दरौंदा इलाके में 22 जून को पुल का एक हिस्सा ढह गया था। दरौंदा प्रखंड के रामगढ़ पंचायत में गंडक नहर पर बना एक ब्रिज ढह गया था। यह पुल पटेढ़ा और गरौली गांव को जोड़ता था।
ये भी पढ़ें- तेजस्वी यादव का नीतीश सरकार पर निशाना, 9 दिनों में 5 पुल ढहे
हाल में मधुबनी, अररिया, पूर्वी चंपारण और किशनगंज जैसे जिलों में भी ऐसी ही घटनाएं हुई हैं, जिसके बाद बिहार सरकार ने इन घटनाओं की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। आपको बता दें कि चार दिन पहले मधुबनी-सुपौल के बीच एक निर्माणाधीन पुल ढ़ह गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मधुबनी-सुपौल के बीच बना पुल दो सालों से भी ज्यादा समय से निर्माणाधीन था। इस पुल को भुतही नदी पार करने के लिए तैयार किया जा रहा था। इस पुल को 3 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)






