धमाका पाकिस्तान में हुआ पर रातों की नींद गांधी परिवार की उड़ी, आरा की चुनावी रैली में दहाडे PM मोदी

PM Modi in Bihar Election: पीएम मोदी ने कहा कि RJD और कांग्रेस के बीच दूरियां बढ़ती जा रही। कांग्रेस से बिना पूछे घोषणापत्र जारी कर दिया। चुनाव अभियान में भी कांग्रेस की कतई नहीं सुनी जा रही।
pm-modi-bihar-election-ara-rally-attacks-congress-gandhi-family-rjd-operation-sindur-mahagathbandhan-rift
बिहार की चुनावी रैली में दहाडे PM मोदी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

PM Modi Attack Congress on Operation Sindur: बिहार के आरा में एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी सफलता से देश का मनोबल बढ़ा, लेकिन विपक्षी दलों को यह पसंद नहीं आया। पीएम ने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, 'विस्फोट पाकिस्तान में हुए, लेकिन कांग्रेस के शाही परिवार की रातों की नींद उड़ गई।' उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और कांग्रेस के नामदार अभी तक ऑपरेशन सिंदूर के सदमे से उबर नहीं पाए हैं।

पीएम मोदी ने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन के भीतर भारी तनाव और अंतर्कलह चल रही है। उन्होंने कहा कि नाम वापस लेने की अंतिम तारीख से ठीक पहले 'दरवाजे बंद करके बड़ा खेल' हुआ। उनके अनुसार, कांग्रेस किसी राजद नेता को मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में घोषित नहीं करना चाहती थी, लेकिन राजद ने 'दबाव डालकर' अपनी बात मनवा ली। पीएम मोदी ने यहां तक कहा कि बंदूक दिखाकर राजद के नेता को मुख्यमंत्री उम्मीदवार चुना गया।

'चुनाव से पहले झगड़ा, बाद में क्या होगा?'

प्रधानमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राजद और कांग्रेस के बीच मनमुटाव बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस से बिना पूछे घोषणापत्र जारी कर दिया गया और चुनाव अभियान में भी कांग्रेस की नहीं सुनी जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनाव से पहले ही यह हालत है, तो बाद में हालात और बिगड़ेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे लोग बिहार का भला नहीं कर सकते। उन्होंने राजद के पुराने शासन की तुलना करते हुए उसे 'जंगल राज' बताया, जो क्रूरता, बंदूक, अंधविश्वास, कुप्रशासन और भ्रष्टाचार का प्रतीक था। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार ने बिहार को उस दौर से बाहर निकाला है।

'लालटेन' और 'लाल झंडा' से डरते हैं निवेशक

पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर घुसपैठियों का समर्थन करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या बिहार के संसाधनों पर उनका अधिकार नहीं है? उन्होंने कहा कि जो लोग घुसपैठियों को बचाते हैं, वे बिहार के लिए खतरा हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन दलों ने पहले उद्योग बंद कराए, वे नए उद्योग कैसे लगाएंगे? उन्होंने दावा किया कि निवेशक 'लालटेन' (राजद का चुनाव चिह्न) और 'लाल झंडा' (भाकपा-माले का चिह्न) देखकर निवेश करने से घबराते हैं। उनके अनुसार, बिहार में निवेश और रोजगार केवल एनडीए सरकार ही ला सकती है।