महागठबंधन ने तय कर लिया CM फेस, सीट शेयरिंग फार्मूला भी फिक्स, तेजस्वी के शागिर्द ने बता दिया प्लान

Mahagathbandhan Seat Sharing: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले, महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। वीआईपी चीफ मुकेश सहनी ने बताया कि बुधवार यानी कल शाम इसका ऐलान हो जाएगा।
mahagathbandhan-finalizes-cm-candidate-and-seat-sharing-formula-said-mukesh-sahni
कॉन्सेप्ट फोटो (डिजाइन)
Updated on

Bihar Assembly Elections: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले, महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि बुधवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीटों के बंटवारे और मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

महागठबंधन में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने सीटों के बंटवारे की घोषणा की नई तारीख तय कर दी है। सहनी ने कहा कि महागठबंधन में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। कल शाम यानी बुधवार को गठबंधन के नेता एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे जिसमें औपचारिक रूप से प्रत्येक पार्टी की सीटों की संख्या और मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

किसे मिलेंगी कितनी सीटें?

सूत्रों के अनुसार, 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में राजद महागठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। इस बार राजद 144 सीटों, कांग्रेस 52-56 सीटों, वाम दलों 35 सीटों, मुकेश सहनी की वीआईपी 8-10 सीटों और पशुपति पारस की पार्टी 4 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। हालांकि, इससे पहले भी सहनी ने कहा था कि सीटों के बंटवारे की घोषणा दशहरे पर की जाएगी।

नीतीश कुमार पर बोला हमला

मुकेश सहनी ने आगे कहा, "साढ़े तीन साल पहले, भाजपा ने हमारे विधायकों को तोड़कर हमें सत्ता से बेदखल कर दिया था। तब से, हम भाजपा को हराने और उसे बिहार से खदेड़ने के लिए दृढ़ थे। हम इसी लक्ष्य के लिए लगातार तैयारी कर रहे हैं। अब, हम महागठबंधन के एक मजबूत सहयोगी के रूप में चुनावी मैदान में उतरेंगे और भाजपा को बिहार की सत्ता से बेदखल करेंगे।"

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए सहनी ने कहा, "नीतीश कुमार कभी बिहार की राजनीति में एक अहम भूमिका निभाते थे, लेकिन अब वह प्रभाव खत्म हो गया है। 2015 में उन्होंने लालू प्रसाद यादव के समर्थन से मुख्यमंत्री पद मिला था और 2020 में केवल 43 सीटें होने के बावजूद भाजपा की मदद से सत्ता में आए। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा।"

पहले ही तय हो चुका है सीट बंटवारा

रविवार को तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर महागठबंधन की लगभग पांच घंटे लंबी बैठक हुई। सभी घटक दलों के शीर्ष नेता मौजूद थे। बैठक के बाद, राजद विधायक आलोक मेहता ने कहा कि सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है और दो दिनों के भीतर इसकी औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com