

Akshara Singh met Giriraj Singh: बिहार में विधानसभा चुनावों की रणभेरी बजने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। रोजाना नए-नए राजनीतिक चेहरे सियासी गलियारों में उभरने लगे हैं। इस बार तो बिहार में चुनाव में ग्लैमर का तीखा तड़का भी लगने जा रहा है। क्योंकि मशहूर भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने भी राजनीति में आने के संकेत दिए हैं।
दरअसल, भोजपुरी सिनेमा की स्टार अक्षरा सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की। इसके बाद सियासी हलकों में यह चर्चा होने लगी है कि पवन सिंह, रितेश पांडे और मैथिली ठाकुर के बाद अक्षरा सिंह ने भी बिहार के सियासी समर में उतरने के लिए कमर कस ली है।
उन्होंने इस मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, "गिरिराज सिंह जी से आशीर्वाद मिला।" इसके बाद से राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि क्या अक्षरा सिंह भी इस बार बिहार के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भोजपुरी फिल्म जगत से कई नाम राजनीति में आ गए हैं। एक दिन पहले ही लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने विनोद तावड़े और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मुलाकात की। इसके बाद, मैथिली ने कहा कि उनकी बातचीत काफी सकारात्मक रही और वह एनडीए का समर्थन करती हैं। उन्होंने आगे कहा, "मेरी आत्मा बिहार से जुड़ी है और मैं बिहार में रहकर लोगों की सेवा करना चाहती हूं।"
इससे पहले, भोजपुरी फिल्म अभिनेता पवन सिंह भी भाजपा में लौट आए थे। गायक और अभिनेता रितेश पांडे भी प्रशांत किशोर की पार्टी जन सूरज में शामिल हो गए हैं। चर्चा है कि मशहूर गायक राधेश्याम रसिया भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इस सूची में एक और भोजपुरी स्टार का नाम शामिल है।
अभिनेता खेसारी लाल यादव भी इसमें शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। हालांकि अभी तक उनके राजनीति में आने या चुनाव लड़ने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन माना जा रहा है कि अखिलेश की सलाह पर वे राजद के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। बहरहाल, यह देखना दिलचस्प होगा कि आखिरी वक्त में कौन चुनावी मैदान में उतरता है।