पूर्व MLA अनंत सिंह (फाइल फोटो)
नवभारत डेस्क: मोकामा गोली कांड के बाद पूर्व एमएलए अनंत सिंह ने सरेंडर कर दिया है। उन्होंने पटना के बाढ़ कोर्ट में जाकर सरेंडर किया है। जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह वकीलों की उपस्थिति में बाढ़ कोर्ट पहुंचे और वहां उन्होंने सरेंडर किया है। इसके पहले मंगलवार को मोकामा के नौरंगा में हुए गोलीकांड में अनंत सिंह का नाम आया था। इसको लेकर अनंत सिंह के खिलाफ पचमहला थाने में केस दर्ज कराया गया था।
वहीं इससे पहले गुरुवार सुबह ही सोनू सिंह को सलाखों के पीछे भेज दिया गया। सोनू के पचमहला थाने में सरेंडर की बातें सामने आई थी, बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तारी बताया।
अनंत सिंह पर फायरिंग मामले में 3 लोगों पर FIR दर्ज करवाया गया है। जिसमें मुकेश सिंह जिनके घर पर सोनू-मोनू की ओर से तालाबंदी करने की बात कही जा रही है उन्होंने यह केस दर्ज करवाया है। मुकेश सिंह ने इसको लेकर सोनू-मोनू पर नामजद FIR दर्ज करवाई है। इसके साथ ही एक FIR सोनू की मां उर्मिला देवी की ओर से अनंत सिंह व समर्थकों के खिलाफ दर्ज करवाया गया है। जिसमें मुखिया के आवास पर फायरिंग करने की बात कही जा रही है। वहीं तीसरी FIR पुलिस द्वारा दर्ज की गई है। जिसमें पुलिस के तरफ से ताला खोलने के दौरान पुलिस के साथ धक्का मुक्की का जिक्र है।
मोकामा के नौरंगा गांव में बुधवार को अनंत सिंह समर्थकों और सोनू-मोनू गैंग के बीच हिंसक झड़प हो गई। जिसमें करीब 60 से 70 राउंड फायरिंग हुई। अनंत सिंह ईंट-भट्ठा संचालक सोनू-मोनू के घर पंचायत करने पहुंचे थे। इसी दौरान फायरिंग शुरू हो गई। अनंत सिंह के दो समर्थक भी घायल हुए हैं। आरोपी सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह ने रात करीब 8 बजे पंचमहला थाने में आवेदन देकर बताया कि अनंत सिंह अचानक उनके घर में घुस आए और अपने समर्थकों के साथ गोलियां चलाने लगे।
बिहार की अन्य बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें!
इस बीच, अनंत सिंह ने एक हिंदी न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि मेरे पास लोग आए थे, जिसके कारण मारपीट हुई और तीन लोगों के दांत प्लायर से उखाड़ दिए गए। हम उन्हें समझाने गए थे। जब हम गांव पहुंचे और उन्हें समझाने के लिए बुलाया तो उन्होंने फायरिंग कर दी। बचाव में इधर से भी फायरिंग हुई, ताकि वह बच सके। अनंत सिंह ने कहा कि वह चोर और अपहरणकर्ता है। हम चोरों के खिलाफ हैं। हमने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी है। जिसे गोली लगी होगी, वह मर गया होगा।