

Lalan Singh Mokama Viral Video Action: बिहार की मोकामा विधानसभा सीट इस वक्त जबरदस्त चर्चा में है। यहां जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद सियासी पारा चढ़ा हुआ है। अनंत सिंह के लिए खुद केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह प्रचार में उतरे हैं। लेकिन यह प्रचार अब उनके लिए ही मुसीबत बनता दिख रहा है। उनके एक कथित वायरल वीडियो को लेकर पटना जिला प्रशासन ने उन पर शिकंजा कस दिया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पटना जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई की पुष्टि अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से की है। प्रशासन के मुताबिक, उनकी वीडियो निगरानी टीम ने एक वीडियो फुटेज की जांच की। इस जांच के बाद ही ललन सिंह के खिलाफ यह कदम उठाया गया है। यह प्राथमिकी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है। फिलहाल इस वीडियो के सामने आने के बाद मोकामा का सियासी माहौल और गरमा गया है।
दरअसल, अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद ललन सिंह मोकामा में प्रचार की कमान संभाले हुए थे। इसी दौरान का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो गया। इस वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं कि कुछ नेता ऐसे हैं, जिन्हें चुनाव के दिन घर से बाहर नहीं निकलने देना है। वायरल वीडियो के मुताबिक, उन्होंने कहा, "उन्हें घर के भीतर पैक कर देना और अगर वे बहुत हाथ-पैर जोड़ें तो कहिएगा कि चलिए हमारे साथ और अपना वोट डालिए।" इसी बयान को आपत्तिजनक मानते हुए प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।
दरअसल यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब मोकामा का चुनाव पहले से ही भयंकर बवाल वाला और तनावपूर्ण बना हुआ है। जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह को दुलारचंद यादव की हत्या मामले में शनिवार देर रात ही पटना पुलिस ने बाढ़ शहर के बेढना गांव स्थित उनके करगिल मार्केट से गिरफ्तार किया था। अनंत सिंह की गैरमौजूदगी में ललन सिंह उनके लिए वोट मांग रहे थे, लेकिन अब वह खुद कानूनी पचड़े में फंस गए हैं।