बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 2 चरणों में होगा इलेक्शन; जानिए आपके यहां कब होगी वोटिंग

Bihar Vidhan Sabha Chunav Date: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। चुनाव आयोग ने दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस वार्ता आयोजित कर चुनाव की तिथियों का ऐलान किया है।
bihar-elections-2025-schedule
बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Bihar Vidhan Sabha Chunav Announcement: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। चुनाव आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। तारीखों के ऐलान के साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।

इस बार बिहार में तीन की जगह दो चरणों में चुनाव आयोजित किए जा रहे हैं। यह फैसला इस वजह से लिया गया है, जिससे चुनावों में अधिक समय न लगे। साथ ही दीवाली और छठ के मौके पर राज्य में पहुंचे लोग भी इस लोकतंत्र के पर्व में अपनी भागीदारी निभा सके।

6 और 11 नवंबर को होगी वोटिंग

राज्य में पहले चरण के लिए गुरुवार 6 नवंबर को वोटिंग होगी। वहीं, दूसरे चरण के लिए मंगलवार 11 नवंबर को मतदान होगा। विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा शुक्रवार 14 नवबंर को होगी। पहले चरण में राज्य की 121 तो दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान आयोजित किया जाएगा।

Bihar Elections Schedule
बिहार चुनाव की तिथियां (सोर्स-EC)

पहला चरण: 18 जिले, 121 सीट

पटना, गोपालगंज, सिवान, सारन, भोजपुर, बक्सर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, नालंदा, दरभंगा, समस्तीपुर, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, सहरसा, खगरिया, मुंगेर और मधेपुरा जिलों में आने वाली 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवबंर को यानी पहले चरण में मतदान किया जाएगा।

दूसरा चरण: 20 जिले, 122 सीट

पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शेओहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, अरवल, औरंगाबाद, जहानाबाद, सासाराम और कैमूर जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर दूसरे चरण में यानी 11 नवंबर को वोटिंग होगी।

बिहार में मतदाताओं की संख्या

चुनाव में 7.42 करोड़ मतदाता हिस्सा लेंगे। जिनमें पुरुष मतदाता करीब 3.92 करोड़ हैं तो महिला मतदाताओं की संख्या 3.50 करोड़ है। इसके साथ ही सूबे में 1,725 ट्रांसजेंडर मतदाता भी रजिस्टर्ड हैं। राज्य में 14 हजार ऐसे वोटर्स हैं जिनकी उम्र 100 वर्ष के पार पहुंच चुकी है। वहीं, 85 से 100 वर्ष के बीच वाले मतदाताओं की संख्या करीब 4.04 लाख है।

पहला वोट डालेंगे 14 लाख युवा

साथ ही इस बार सूबे में 14 लाख मतदाता पहली बार वोट करेंगे, जिनकी उम्र 18 से 20 साल के बीच है। वहीं, 1.63 करोड़ युवा मतदाता हैं जिनकी उम्र 20 वर्ष से 29 वर्ष के बीच है। सूबे में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 7.2 लाख और 1.63 लाख सर्विस वोटर्स भी हैं।

पोलिंग बूथों की होगी वेबकास्टिंग

बिहार में इस बार चुनाव के दौरान एक बूथ पर इस बार मतदाताओं की संख्या 1200 से ज्यादा नहीं होगी। इसके अलावा पोलिंग स्टेशन ग्राउंड फ्लोर पर ही बनाए जाएंगे। इतना ही नहीं, विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान सभी पोलिंग बूथों की वेबकॉस्टिंग की जाएगी।

फेक न्यूज पर रहेगी कड़ी नजर

इसके साथ ही सोशल मीडिया और फेक न्यूज पर भी नजर रखी जाएगी और मतदान के दौरान आने वाली शिकायतों का तुरंत निराकरण किया जाएगा। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चाक चौबंद रखी जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर शीघ्र एक्शन लिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com