क्रूरता की हदें पार! पैनगंगा किनारे गठरी में मिली सड़ी-गली लाश, टीशर्ट में सांसद का नाम, यवतमाल में मचा बवाल

Yavatmal Murder Mystery: उमरखेड में पैनगंगा नदी में मिली गठरी में बंधी लाश। मृतक की टी-शर्ट पर लिखा है 'सांसद नागेश पाटील आष्टीकर' का नाम। क्रूर हत्या से क्षेत्र में सनसनी। यहां पढ़ें पूरी खबर।
Forensic Investigation Unknown Body Found Pan-ganga Murder Mystery.
पैनगंगा किनारे मिली लाश (सौजन्य-नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Painganga River Murder: अज्ञात व्यक्ति की अत्यंत क्रूर तरीके से हत्या कर उसके हाथ-पैर बांधकर गठरी बनाकर पैनगंगा नदी के पात्र में फेंक दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कुछ दिन पुराने, सड़ी-गली अवस्था में शव शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे उमरखेड तहसील अंतर्गत मुरली गांव के पास सहस्रकुंड झरने से लगे कोल्हापुरी नहर के पास मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

आज सुबह करीब 10 बजे के आसपास एक चरवाहे को नदी किनारे पीले रंग की गठरी दिखाई दी, जिसमें किसी व्यक्ति का शव होने का संदेह हुआ। इसके बाद मुरली गांव के पुलिस पाटील विठ्ठल राठोड ने तुरंत इसकी सूचना बिटरगांव पुलिस थाने के थाना प्रभारी पांडुरंग शिंदे को दी।

बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या

सूचना मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी हनुमंत गायकवाड, थाना प्रभारी पांडुरंग शिंदे, बीट जमादार संतोष चव्हाण तथा पुसद से फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। गठरी खोलकर जांच करने पर सामने आया कि मृतक को बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या की गई है और बाद में हाथ-पैर बांधकर नदी में फेंक दिया गया। इस मामले में उपविभागीय पुलिस अधिकारी हनुमंतराव गायकवाड ने मराठवाड़ा क्षेत्र के इस्लामपुर, हिमायतनगर और हदगांव पुलिस थानों से संपर्क कर लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटाई, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। आगे की जांच उनके मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पांडुरंग शिंदे कर रहे हैं।

गंभीर चोट लगने के मिले निशान

फॉरेंसिक जांच में मृतक की आंखों, जबड़े और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पैरों पर भी मारपीट के स्पष्ट निशान थे। मृतक के चेहरे को प्लास्टिक की पन्नी से बांधा गया था। प्राथमिक जांच में पुलिस सूत्रों ने बताया कि चेहरे पर चाकू से वार किए गए थे और जबड़ा तोड़ा गया था।

इतना ही नहीं, अत्यधिक मारपीट के कारण मृतक के कई दांत भी टूटे हुए पाए गए। घटनास्थल पर ही फॉरेंसिक लैब की टीम और सोनदाभी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप हांडे द्वारा शव परीक्षण (पोस्टमार्टम) किया गया।

शरीर पर लिखा सांसद का नाम

अत्यंत क्रूर तरीके से हत्या कर लगभग आठ दिन पहले नदी में फेंके गए इस व्यक्ति का शव पैनगंगा नदी के पात्र में मिला है। पुलिस को संदेह है कि मृतक मराठवाड़ा क्षेत्र का हो सकता है। मृतक के शरीर पर “दमदार सांसद नागेश पाटील आष्टीकर” लिखा हुआ टी-शर्ट और फुल पैंट पाया गया है। शव की पूरी तलाशी के दौरान उसकी जेब से पहचान से संबंधित कोई भी वस्तु बरामद नहीं हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com