Maharashtra News: मुंबई में भाजपा-शिंदे गुट के बीच टकराव, वार्ड 173 में कार्यकर्ता आमने-सामने

BMC Election 2026 से पहले वार्ड 173 में भाजपा और शिंदे गुट के शिवसेना कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी और झड़प का वीडियो वायरल हो गया है, जिससे महायुति में बढ़ते तनाव के संकेत मिले हैं।
Maharashtra Politics
देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai News In Hindi: छत्रपति संभाजीनगर और पुणे में भाजपा और शिंदे गुट की शिवसेना के बीच गठबंधन टूटने के बाद दोनों दलों में तनाव की स्थिति बन गई थी। अब मुंबई में भी, जहां दोनों दल एक साथ चुनाव लड़ रहे हैं, आपसी खटास सामने आ गई है।

शुक्रवार को मुंबई महानगरपालिका के वार्ड क्रमांक 173 में भाजपा और शिंदे गुट के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इस वार्ड में भाजपा की शिल्पा केलुस्कर और शिवसेना (शिंदे गुट) की पूजा कांबले के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबला है।

शुक्रवार सुबह दोनों उम्मीदवारों के प्रचार के दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के सामने आ गए। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के नारे लगाए, अब तक ठाकरे गुट इस नारे के जरिए शिंदे गुट पर हमला करता रहा था, लेकिन अपने ही सहयोगी दल के कार्यकर्ताओं से ऐसे नारे सुनकर शिंदे गुट के कार्यकर्ता भड़क उठे।

जवाब में उन्होंने भी भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मतदान में कुछ ही घंटे शेष होने के बीच मुंबई में भाजपा और शिंदे गुट के बीच हुई इस झड़प ने राजनीतिक हलकों में खासी चर्चा पैदा कर दी है।

शिवसेना-भाजपा के सीट बंटवारे में वार्ड क्रमांक 173 शिंद गुट के हिस्से में आया था, जिसके चलते शिवसेना ने यहां से पूजा कांबले को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि शिल्पा केलुस्कर ने भी भाजपा का कलर जेरॉक्स एबी फॉर्म लगाकर नामांकन दाखिल किया था, जो वैध भी ठहराया गया।

शिरसाट ने जताई नाराजगी

इस पूरे मामले पर शिंदे गुट के नेता संजय शिरसाट ने तीखी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कौन से महारथी यह सब कर रहे हैं, यह देखना पड़ेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नारे लगाने से पहले देवेंद्र फडणवीस से पूछ लेना चाहिए, क्योंकि हमारी वजह से ही आप सत्ता में हैं। संजय शिरसाट ने उम्मीद जताई कि फडणवीस इस मामले का संज्ञान लेंगे। वहीं भाजपा के स्थानीय विधायक अतुल भातखलकर ने संबंधित लोगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com