BCCI ने जर्सी नंबर 7 को किया रिटायर
नई दिल्ली: टीम इंडिया (Team India) में अब कोई भी भारतीय पुरुष क्रिकेटर, नंबर-7 की जर्सी पहने हुए नजर नहीं आएगा। दरअसल टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) के सम्मान में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कुछ निजी मीडिया चैनल की रिपोर्ट के अनुसार टीम इंडिया के इस पूर्व हरफनमौला कप्तान धोनी द्वारा पहनी जाने वाली प्रतिष्ठित जर्सी नंबर 7 को BCCI ने रिटायर करने का फैसला किया है। हालाँकि धोनी के इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के करीब 3 साल बाद BCCI ने यह फैसला किया है।
जानकारी दें कि इससे पहले ऐसे ही सचिन तेंदुलकर की जर्सी नंबर 10 को भी BCCI ने रिटायर किया था। गौरतलब है अपनी कप्तानी में महेंद्र सिंह धोनी (MS DHONI) ने भारतीय क्रिकेट टीम की काय पलटते हुए 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी सहित कई जीत दिलाईं थीं।धोनी भारतीय टीम के इकलौते ही ऐसे कप्तान है जिसकी अगुवाई में भारत ने ICC की तीनों ट्रॉफी फ़तेह की हैं। जिससे वह भारतीय क्रिकेट में एक महान व्यक्ति बन गए हैं। ऐसे में उनके जर्सी नंबर 7 को रिटायर करने का BCCI का निर्णय इस बेहतरीन क्रिकेटर के शानदार करियर के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि है।
हालाँकि इस तरह से जर्सी नंबरों का यह रिटायरमेंट भारतीय क्रिकेटरों के लिए विशिष्ट माना जाता है और यह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा निर्धारित अंतर्राष्ट्रीय नियमों को प्रभावित भी नहीं करती है। दरअसल ICC के नियम अनुसार खिलाड़ियों को 1 से 100 तक जर्सी नंबर चुनने की अनुमति मिलती है, वहीं BCCI के फैसले से भारतीय क्रिकेटरों के लिए अब विकल्प सीमित हो जाएंगे। हालाँकि BCCI का यह कदम जर्सी नंबर से जुड़े उसके प्रतीकात्मक महत्व और सचिन तेंदुलकर और एमएस धोनी जैसे क्रिकेट के महान दिग्गजों की विरासत का सम्मान करने की इच्छा को रेखांकित करता है।
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कुल जमा 538 मैच खेले थे। उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 38.09 की औसत से 4,876 रन बनाए थे। वहीं टेस्ट में उनके नाम 1 दोहरा शतक, 6 शतक और 33 अर्धशतक भी दर्ज हैं। इसके सतह ही वनडे क्रिकेट में उन्होंने 350 मैचों में 50.58 की औसत से 10,773 रन बनाए हैं, जिसमें उनके शानदार 10 शतक और 73 अर्धशतक शामिल रहे हैं। अब तक के T-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 98 मैचों में 37.60 की औसत से 1,617 रन बनाए थे।