Maharashtra Top 10 News Updates: महाराष्ट्र की ताजा और बड़ी खबरों पर आधारित इस विशेष बुलेटिन में राज्य से जुड़े कई अहम और संवेदनशील मुद्दे सामने आए हैं। नांदेड में कर्ज वसूली के दौरान एक छोटे किसान की संदेहास्पद मौत ने सनसनी फैला दी है, वहीं जयपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में नासिक के तीन श्रद्धालुओं की मौत से शोक की लहर है।
इसके अलावा, नवी मुंबई फायरिंग मामले में गिरफ्तारी, सूखे के बीच रायगढ़ में पेड़ों की कटाई पर मनसे का विरोध, ठाणे में अमेज़न के एआई डाटा सेंटर पर आदित्य ठाकरे के तीखे सवाल, पुणे में त्योहारी सीजन के मद्देनजर दमकल विभाग की मुस्तैदी और बढ़ती महंगाई के बीच गेहूं के दामों में उछाल जैसी राज्य की तमाम अहम और झकझोर देने वाली खबरें इस लिस्ट में शामिल हैं।
महाराष्ट्र के नांदेड जिले से एक अत्यंत खौफनाक और संतापजनक मामला सामने आया है। यहां महज 8 से 10 हजार रुपये के कर्ज की वसूली के लिए 40 वर्षीय छोटे किसान चंद्रकांत दगडूजी शिंदे की एक निजी फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। किसान का शव फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में फंदे से लटकता हुआ पाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में शनिवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के नासिक और धुले जिले के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही नासिक जिले के पालकमंत्री और राज्य के मंत्री गिरीश महाजन ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए राहत एवं सहायता कार्यों के लिए राजस्थान प्रशासन से समन्वय स्थापित किया।
नवी मुंबई में आर्थिक लेनदेन के विवाद में एक युवक पर पिस्तौल से फायरिंग कर हत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने पुणे से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
महाराष्ट्र में एक तरफ किसान सूखे की मार झेल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विकास परियोजनाओं के नाम पर राज्य के प्राकृतिक संपदा और जंगलों पर कुल्हाड़ी चलाई जा रही है। राज ठाकरे की पार्टी MNS ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर रायगड जिले के कर्जत तालुका से बड़े पैमाने पर पेड़ काटे जाने का मुद्दा उठाकर राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया है।
संभाजीनगर में एक ओर हजारों नागरिकों को पीने के पानी के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है, तो दूसरी ओर जलवाहिनियों में रिसाव और मरम्मत कार्यों के दौरान हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। सूखे की मार झेल रहे मराठवाड़ा में पानी की एक-एक बूंद की अहमियत बढ़ गई है।
छत्रपति संभाजीनगर में नागरिकों की जान जोखिम में डालने वाले कमजोर और अवैध होर्डिंग के खिलाफ महानगरपालिका प्रशासन अब सख्ती करने जा रहा है। इमारतों और मकानों पर लगे खतरनाक होर्डिंग की पहचान कर उन्हें हटाया जाएगा।
आर्थिक रूप से कमजोर और कम आय वाले परिवारों को सस्ते घर उपलब्ध कराने की सरकारी योजना की अनदेखी करना छत्रपति संभाजीनगर के 23 बिल्डरों को भारी पड़ गया है। निजी भूखंडों पर निर्माण के दौरान अनिवार्य रूप से आरक्षित रखे जाने वाले 20 प्रतिशत आवास और भूखंड म्हाडा को हस्तांतरित नहीं करने के मामले में संबंधित बिल्डरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुणे में दिवाली का त्योहार सुरक्षित और आनंदपूर्वक मनाने के लिए पुणे मनपा के अग्निशमन विभाग ने नागरिकों के लिए पटाखे जलाने और उनके भंडारण को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। त्योहार के दौरान आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग के सभी अधिकारियों और जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। पूरा दमकल विभाग अलर्ट मोड पर रखा गया है।
गेहूं की सरकारी खरीद का लक्ष्य पार होने के बावजूद बाजार में इसकी कीमतों में तेजी जारी है। मंडियों में आवक घटने, रोलर फ्लोर मिलों की बढ़ती मांग और मैदा-सूजी के चालानी कारोबार के साथ निर्यात मांग बढ़ने से गेहूं के भाव मजबूत हुए हैं।
महाराष्ट्र में ठाणे शहर के बालकुम-माजीवडा परिसर में प्रस्तावित एआई और अमेज़न डाटा सेंटर प्रोजेक्ट को लेकर राजनीतिक और सामाजिक विवाद गहरा गया है। शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के विधायक आदित्य ठाकरे ने ठाणे और उरण में हो रही पानी की कटौती तथा रिहाइशी इलाके में एआई डाटा सेंटर थोपे जाने को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखे हमले बोले हैं।