वेनेजुएला पर UNSC बैठक में मचा घमासान! ट्रंप पर भड़का रूस, जानिए कौन किसके साथ- कौन खिलाफ

US Venezuela War: रूस ने अमेरिका की कार्रवाई की आलोचना करते हुए मादुरो और उनकी पत्नी की रिहाई की मांग की, जबकि अमेरिका के सहयोगी देशों ने इसे जरूरी कार्रवाई बताया।
unsc meeting on venezuela
वेनेजुएल मामले पर UNSC की आपात बैठक (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

UNSC meeting on Venezuela: वेनेजुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की आपात बैठक में अमेरिका के कदमों पर गंभीर सवाल उठे, और कई देशों के बीच गहरे मतभेद दिखे। बैठक में इस पर विस्तार से चर्चा की गई कि अमेरिकी सैन्य हस्तक्षेप और मादुरो की गिरफ्तारी से पैदा हुए हालात वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए कितने खतरनाक हो सकते हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने इस मामले पर चिंता जताई और कहा कि अमेरिका की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन करती है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इस तरह की सैन्य कार्रवाई भविष्य में अंतरराष्ट्रीय संबंधों के लिए किस प्रकार का उदाहरण बनेगी।

चीन-रूस ने की हमले की आलोचना

रूस ने अमेरिका की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की और इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। रूस ने मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फलोरेस की तत्काल रिहाई की मांग की, साथ ही यह भी कहा कि किसी भी देश की संप्रभुता का इस प्रकार उल्लंघन नहीं किया जा सकता। वहीं चीन ने अमेरिकी कार्रवाई की आलोचना की और इसे यूएन चार्टर का उल्लंघन बताते हुए मादुरो दंपत्ति को तुरंत रिहा करने की मांग की। चीन और रूस के अलावा  क्यूबा, मेक्सिको और चिली जैसे देशों ने भी अमेरिका के कदम की निंदा की। इन देशों का कहना था कि सैन्य बल का प्रयोग स्थिति को और बिगाड़ सकता है और वैश्विक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाएगा।

यूरोपिय देश अमेरिका के साथ

वेनेजुएला ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने इस सैन्य कार्रवाई को देश के प्राकृतिक संसाधनों और विशाल तेल भंडारों को हासिल करने के उद्देश्य से किया। इसे वेनेजुएला ने आक्रामकता और उसकी संप्रभुता पर सीधा हमला बताया। वहीं, अमेरिका के सहयोगी देशों जैसे अर्जेंटीना, ब्रिटेन और लातविया ने इस कार्रवाई को सही ठहराया और इसे मादुरो सरकार के खिलाफ जरूरी कदम बताया।

गौरतलब है कि, शनिवार को अमेरिकी सेना ने तड़के वेनेजुएला पर हमला कर निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फलोरेस को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यूयॉर्क लाया गया, जहां मादुरो पर ड्रग तस्करी से जुड़े आरोपों में मुकदमा चल रहा है। हालांकि मादुरो ने इन आरोपों को नकारते हुए उन्हें सिरे से खारिज किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com