IND vs SA: अहमदाबाद में टीम इंडिया की शर्मनाक हार, साउथ अफ्रीका ने 76 रन के बड़े अंतर से जीता मुकाबला

India vs South Africa: टी20 विश्व कप 2026 सुपर-8 के पहले मैच में भारत को 76 रन से करारी हार मिली। 187 रन के लक्ष्य के जवाब में टीम इंडिया सिर्फ 111 रन पर सिमट गई।
South Africa beat India
अहमदाबाद में सुपर-8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को हराया (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

South Africa beat IND: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में टूर्नामेंट का 43वां मुकाबला खेला गया। इस मैच में साउथ अफ्रीकी टीम ने भारत के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज की है। साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 के इस मुकाबले में भारत को 76 रन से शिकस्त दी। इससे पहले कप्तान एडन मार्करम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने भारत के सामने 188 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

इसके जवाब में भारतीय टीम  18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट कर रह गई। अब टीम इंडिया को फाइनल में जगह बनाने के लिए सुपर-8 में अपने आगे के मुकाबले जीतने होंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस हार का सबसे बड़ा कारण बल्लेबाज रहे। इस मुकाबले में टीम इंडिया के सभी नामी बल्लेबाज फ्लॉप साबित हुए।

डेविड मिलर बने प्लेयर ऑप द मैच 

साउथ अफ्रीका की इस बड़ी जीत के हीरो बल्लेबाज डेविड मिलर रहे। उन्होंने 35 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी इनिंग में मिलर ने 7 चौके और 3 छक्के जड़े और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोरकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। दबाव की स्थिति में उनकी यह पारी काफी अहम साबित हुई। उनकी इस बेहतरीन पारी के लिए मिलर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड भी दिया गया।

स्टब्स और ब्रेविस ने भी खेली विस्फोटक पारी

डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों पर 45 रन बनाकर टीम को गति दी। उनकी पारी में 3 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं ट्रिस्टन स्टब्स ने अंतिम ओवरों में तेजी दिखाई और 24 गेंदों पर 44 रन ठोक दिए। उन्होंने 1 चौका और 3 छक्के लगाए। इन दोनों बल्लेबाजों की पारियों ने मिलर को अच्छा साथ दिया और स्कोर 180 के पार पहुंचा दिया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 3 विकेट झटके और बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाया। अर्शदीप सिंह को 2 सफलताएं मिलीं, जबकि वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 1-1 विकेट लिया। हालांकि, डेथ ओवरों में कुछ महंगे ओवरों की वजह से स्कोर बड़ा हो गया।

उजागर हुई टीम इंडिया की खराब बल्लेबाजी

इस मुकाबले में हार के साथ ही टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर की खराब बल्लेबाजी भी उजागर हो गई। भारतीय इनिंग की पहली ही गेंद पर ईशान किशन शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद दूसरे ही ओवर में तिलक वर्मा भी सिर्फ 1 रन के स्कोर पर आउट हो गए। वहीं, खराब फॉर्म से जूझ रहे अभिषेक शर्मा का बल्ला इस मुकाबले में भी खामोश रहा। उन्होंने 12 गेंदों का सामना करते हुए 15 रन बनाए। इसके बाद टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों पर बड़ी जिम्मेदारी थी कि वो अपनी बल्लेबाजी से भारत को जीत की दहलीज तक ले जाए, लेकिन ऐसे नहीं हुई। एक के बाद एक बल्लेबाज साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों का शिकार बनता रहा। वॉशिंगटन सुंदर सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए तो वहीं, सूर्यकुमार यादव 22 गेंद में 18 रन बनाकर कॉर्बिन बॉश का शिकार बने। हार्दिक पांड्या 18 रन और रिंकू सिंह अपना खाता भी न खोल सके। हालांकि शिवम दुबे ने मैदान पर कुछ बेहतर शॉट जरूर दिखाए, लेकिन वो भी भारत को जीत न दिला सके। दुबे ने 37 गेंदों का सामना करते हुए 42 रन बनाए।

साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों ने इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने भारतीय पारी की शुरुआत से ही बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। साउथ अफ्रीका के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट मार्को यान्सन ने अपने नाम किए। उन्होंने 3.5 ओवर में 5.70 की इकोनामी के साथ 22 रन दिए। इसके अलावा केशव महाराज ने 3 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, कॉर्बिन बॉश को 2 और कप्तान एडन मार्करम को 1 विकेट मिला।

Navbharat Live
navbharatlive.com