रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने की तैयारी! ट्रंप के दूत विटकॉफ जाएंगे मॉस्को, पुतिन के सामने रखेंगे शांति प्लान
Ukraine Peace Deal: ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ ने दावोस में बड़ा ऐलान किया है। वह यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति प्रस्ताव और 'लैंड डील' पर चर्चा करने गुरुवार को मॉस्को में पुतिन से मिलेंगे।
- Written By: अमन उपाध्याय
स्टीव विटकॉफ मास्को दौरा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Trump Envoy Steve Witcoff Moscow Visit: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने स्विट्जरलैंड के दावोस में चल रहे वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) के दौरान एक बड़ी कूटनीतिक हलचल पैदा कर दी है। विटकॉफ ने घोषणा की है कि वह गुरुवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस बैठक की पहल स्वयं रूस की ओर से की गई है।
लैंड डील और 20 सूत्रीय शांति प्रस्ताव
विटकॉफ के मुताबिक, इस अहम बैठक का प्रमुख उद्देश्य यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए जमीन से जुड़े समझौतों पर विचार करना है। अमेरिका इस प्रक्रिया में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिश कर रहा है। बातचीत के दौरान 20 बिंदुओं वाले शांति प्रस्ताव पर मंथन किया जाएगा। विटकॉफ ने बताया कि बीते कुछ महीनों में वार्ता में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और निकट भविष्य में किसी बड़े ऐलान की संभावना है।
जेरेड कुशनर की भी अहम भूमिका
मॉस्को रवाना होने से पहले कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार शाम स्टीव विटकॉफ और डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर सबसे पहले यूक्रेनी अधिकारियों से बातचीत करेंगे। इसके बाद गुरुवार शाम उनकी मुलाकात रूसी अधिकारियों और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से तय है।
सम्बंधित ख़बरें
कुवैत सीमा पर इराक से बड़ा ड्रोन हमला: उत्तरी चौकियों को बनाया निशाना, क्या फिर मंडरा रहा है युद्ध का खतरा?
2030 तक अमेरिका को पछाड़ देगा चीन, परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में बनेगा नया ‘सुपरपावर’
बांग्लादेश में बड़ा आतंकी प्लान फेल, संसद भवन और सेना मुख्यालय समेत कई ठिकाने थे निशाने पर; हाई अलर्ट जारी
बिना सबूत के आरोप लगाना बंद करे अमेरिका, चीनी प्रवक्ता ने ट्रंप के दावों को बताया अटकलबाजी
समझौते पर राजी हो सकते पुतिन
विटकॉफ का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि पुतिन युद्ध खत्म करने के लिए किसी समझौते पर सहमत हो सकते हैं। लेकिन यूक्रेन द्वारा सुरक्षा की गारंटी की मांग और रूस की तरफ से डोनबास क्षेत्र सौंपने की शर्त अब भी वार्ता की राह में सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:- ‘सैन्य अभ्यास शुरू करे…’, ग्रीनलैंड पर टकराव तेज, मैक्रों ने ट्रंप को दी खुली चुनौती; कहा- भेजेंगे अपनी सेना
यूरोप में युद्ध की आहट और ट्रंप की रणनीति
यह कूटनीतिक प्रयास ऐसे समय में हो रहा है जब पूरे यूरोप में रूस के साथ संभावित युद्ध को लेकर डर का माहौल है। जहां नॉर्वे और पोलैंड जैसे देश अपने नागरिकों को युद्ध के लिए आगाह कर रहे हैं, वहीं नाटो प्रमुख मार्क रूटे ने रक्षा निवेश बढ़ाने के लिए ट्रंप की प्रशंसा की है। विटकॉफ का यह मॉस्को दौरा यह तय करेगा कि क्या ट्रंप प्रशासन अपने वादे के मुताबिक वास्तव में इस विनाशकारी युद्ध को रुकवा पाएगा।
