चारो ओर काला धुआं, चीखें और अफरातफरी... जकार्ता में आग ने मचाई तबाही, 20 लोगों की जलकर मौत-VIDEO

Jakarta Fire News: जकार्ता में एक सात मंजिला दफ्तर की इमारत में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। आग की चपेट में आने से 20 से अधिक लोगों की जान चली गई, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है।
Black smoke, screams and chaos... Fire wreaks havoc in Jakarta, 20 people burned to death - VIDEO
जकार्ता में एक कार्यालय की सात मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Indonesia Fire News: इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक कार्यालय की सात मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लगने से 20 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी।

पुलिस के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घना काला धुआं आसमान में फैल गया और आसपास रहने वाले लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए।

धुएं से भरी इमारत से अब तक मिले 20 शव

सेंट्रल जकार्ता पुलिस प्रमुख सुसात्यो पुरनोमो कोंड्रो ने बताया कि मलबे और धुएं से भरी इमारत से अब तक 20 शव निकाले गए हैं, जिनमें 5 पुरुष, 15 महिलाएं और एक गर्भवती महिला शामिल है। कई लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिनका इलाज जारी है। अधिकारियों के अनुसार, यह इमारत टेरा ड्रोन इंडोनेशिया (Terra Drone Indonesia) के दफ्तरों का हब है, जो कृषि, खनन और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए ड्रोन सेवाएं प्रदान करती है।

कैसे लगी आग?

पुलिस ने बताया कि सबसे पहले आग पहली मंजिल पर लगी, जो कुछ ही मिनटों में ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। उस समय कई कर्मचारी लंच पर थे, जबकि कुछ बाहर थे, जिससे कुछ लोगों की जान बच गई। लेकिन इमारत में फंसे लोगों के लिए स्थिति बेहद भयावह हो गई।

देखें VIDEO-

स्थानीय मीडिया में प्रसारित वीडियो फुटेज में देखा गया कि दमकलकर्मी ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को पोर्टेबल सीढ़ियों और अन्य उपकरणों की मदद से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे। धुआं इतना घना था कि कई लोग बेहोश हो गए, जिन्हें स्ट्रेचर की मदद से बाहर निकाला गया।

काबू में आग, बचाव अभियान जारी

दमकल विभाग की कड़ी मेहनत के बाद आग को काबू में कर लिया गया है। हालांकि, अधिकारी अभी भी इमारत की तलाशी लेने में जुटे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न हो। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने कहा कि तकनीकी टीम जल्द ही आग के कारणों का पता लगाएगी।

पिछले महीने हांगकांग में भी बड़ा हादसा

इसी साल अगस्त में इंडोनेशिया में संसद भवन में भी बेकाबू भीड़ ने आग लगा दी थी, जिसमें 3 लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा, जकार्ता की यह घटना हाल ही में हांगकांग के ताई पो जिले में हुई भीषण आग की याद दिलाती है, जिसमें 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com