‘कुंभ ब्यूटी’ मोनालिसा ने फरमान खान से की शादी, परिवार के विरोध के बीच पुलिस से मांगी सुरक्षा

Monalisa Bhosle Temple Wedding: मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल के पूवर इलाके के एक मंदिर में शादी कर ली। परिवार के विरोध के चलते दोनों ने पहले पुलिस से सुरक्षा मांगी थी।
Kumbh Beauty Monalisa Farmaan Khan wedding marriage news
मोनालिसा ने फरमान खान से की शादी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Monalisa And Farmaan Khan Wedding: सोशल मीडिया पर ‘कुंभ ब्यूटी’ के नाम से लोकप्रिय हुई मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनका निजी जीवन है। मोनालिसा ने अपने प्रेमी फरमान खान से शादी कर ली है। परिवार के विरोध के चलते दोनों ने पुलिस से सुरक्षा भी मांगी थी। इसके बाद केरल में एक मंदिर में उनकी शादी संपन्न हुई। बताया जा रहा है कि यह शादी बेहद सादे तरीके से की गई, जिसमें कुछ स्थानीय लोग और करीबी ही मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब 5:45 बजे मोनालिसा और फरमान खान ने तिरुवनंतपुरम के पूवर इलाके के एक स्थानीय मंदिर में शादी की। शादी से पहले दोनों थंपनूर पुलिस स्टेशन पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर पुलिस से मदद मांगी थी। मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि उनका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ है और उन्हें जबरन घर वापस ले जाने की कोशिश कर रहा है।

पुलिस ने परिवार को समझाया

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मोनालिसा के पिता जय सिंह भोसले को थाने बुलाया और उनसे बातचीत की। पुलिस ने परिवार को समझाया कि मोनालिसा बालिग हैं और कानून के अनुसार उन्हें अपनी पसंद से जीवनसाथी चुनने का पूरा अधिकार है। पुलिस की समझाइश के बाद माहौल कुछ शांत हुआ और शाम को मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न हो गया।

शादी में मौजूद रहे राजनीतिक नेता

इस शादी में एम. वी. गोविंदन भी मौजूद रहे, जो कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के राज्य सचिव हैं। वहीं इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कहा कि यह केरल की उस संस्कृति को दर्शाता है, जहां अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोग शांति और खुशी के साथ रह सकते हैं। मोनालिसा को सोशल मीडिया पर लोकप्रियता कुंभ मेले के दौरान मिली थी। उस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गए थे, जिसके बाद लोग उन्हें ‘कुंभ ब्यूटी’ के नाम से पहचानने लगे।

सोशल मीडिया से शुरू हुई थी लव स्टोरी

मोनालिसा के मुताबिक उनकी और फरमान खान की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और यह रिश्ता प्यार में बदल गया। हालांकि अलग-अलग धर्मों से होने के कारण इस रिश्ते को परिवार की मंजूरी नहीं मिल सकी। मोनालिसा इंदौर की रहने वाली हैं, जबकि फरमान खान महाराष्ट्र से आते हैं। दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने शादी के लिए केरल को इसलिए चुना, क्योंकि यहां उन्हें शांत माहौल में अपना फैसला लेने की आजादी मिल सकती थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com