सभी प्रतिबंध हटे तो... परमाणु डील पर ईरान का बड़ा यू-टर्न, अमेरिका के सामने रखी ये बड़ी शर्त

Iran US Nuclear Deal: ईरान ने परमाणु समझौते को लेकर नरमी के संकेत दिए हैं। परमाणु प्रमुख मोहम्मद एस्लामी ने कहा कि अगर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध पूरी तरह हटते हैं तो यूरेनियम संवर्धन कम किया जा सकता है।
If all sanctions are lifted... Iran's major U-turn on the nuclear deal, lays down this big condition before the US
परमाणु डील पर ईरान का अमेरिका के सामने बड़ा यू-टर्न, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Updated on

Iran US Nuclear Deal News In Hindi: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे परमाणु गतिरोध को सुलझाने की दिशा में एक बड़ी सकारात्मक सुगबुगाहट देखने को मिल रही है। ईरान के परमाणु कार्यक्रम के प्रमुख मोहम्मद एस्लामी ने एक ऐतिहासिक संकेत देते हुए कहा है कि यदि तेहरान पर लगाए गए सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध पूरी तरह हटा दिए जाते हैं तो ईरान अपने यूरेनियम संवर्धन के भंडार को कम करने पर गंभीरता से विचार कर सकता है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब ओमान में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक चर्चाओं का दौर फिर से शुरू हुआ है।

अविश्वास की दीवार और 'समान गंभीरता'

की शर्त ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने तेहरान में राजनयिकों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि वे सीरियस बातचीत के पक्षधर हैं लेकिन इसके लिए अमेरिका को भी समान रचनात्मकता दिखानी होगी। अराघची ने दो टूक शब्दों में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में अमेरिका के व्यवहार के कारण दोनों देशों के बीच अविश्वास की एक बड़ी समस्या खड़ी हुई है जो फिलहाल वार्ता में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दबाव, धमकियों और प्रतिबंधों के साये में कोई भी सार्थक बातचीत संभव नहीं है।

मिसाइल प्रोग्राम पर अडिग है ईरान

बातचीत में सबसे बड़ा पेंच यूरेनियम संवर्धन और ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को लेकर फंसा हुआ है। पिछले साल हुई पांच दौर की बातचीत विफल होने का एक मुख्य कारण यह था कि अमेरिका चाहता है कि ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को भी परमाणु वार्ता का हिस्सा बनाया जाए।

हालांकि, ईरान ने इस मांग को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। अब प्रतिबंध हटाने की शर्त पर यूरेनियम भंडार कम करने का यह नया संकेत आने वाले समय में कूटनीति की दिशा तय कर सकता है।

ओमान में कूटनीतिक हलचल तेज

इस बीच, ईरान के सर्वोच्च नेता के सलाहकार और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारिजानी के ओमान दौरे की तैयारियां तेज हो गई हैं। वहां वे क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हालात के साथ-साथ द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा करेंगे। हाल ही में ओमान में अमेरिका और ईरान के बीच हुई प्रारंभिक बातचीत में दोनों पक्षों ने कूटनीतिक मुद्दों को आगे बढ़ाने की इच्छा जताई थी जिससे इस नए प्रस्ताव के सफल होने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com