ICC के आगे झुका पाकिस्तान...भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट से लिया यू-टर्न, 15 फरवरी को होगा महामुकाबला!

T20 World Cup 2026: आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की सभी मांगें खारिज कर दी हैं। बावजूद इसके माना जा रहा है कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ 15 फरवरी को कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने को तैयार है।
IND vs PAK: ICC के आगे झुका पाकिस्तान...भारत के खिलाफ मैच बॉयकॉट से लिया यू-टर्न, 15 फरवरी को होगा महामुकाबला!
भारत बनाम पाकिस्तान (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

IND vs PAK, T20 World Cup 2026 Match Update: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को प्रस्तावित मुकाबले को लेकर लंबे समय से गतिरोध बना हुआ था। अब इस मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) अब भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए तैयार हो गया है। हालांकि इस पर आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है और अंतिम निर्णय का इंतजार किया जा रहा है। इस बीच आईसीसी ने पीसीबी की ओर से रखी गई लगभग सभी मांगों को खारिज कर दिया है। इसके बाद 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले के खेले जाने की संभावना फिर से बढ़ गई है।

आईसीसी ने ठुकराईं पीसीबी की मांगें

भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका था, लेकिन पाकिस्तान सरकार के बहिष्कार के ऐलान के बाद स्थिति जटिल हो गई थी। इसी कारण आईसीसी के अधिकारी पाकिस्तान पहुंचे और पीसीबी के साथ बैठकें कीं। बैठक के दौरान पीसीबी ने कई शर्तें रखीं, लेकिन आईसीसी ने स्पष्ट कर दिया कि इनमें से अधिकांश मांगें उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आतीं या उन्हें लागू करना संभव नहीं है। इसके बाद मामला धीरे-धीरे सुलझने की दिशा में बढ़ता दिखाई दे रहा है।

पीसीबी की प्रमुख मांगें क्या थी?

पाकिस्तान की ओर से सबसे बड़ी मांग भारत के साथ द्विपक्षीय सीरीज बहाल करने की थी। इसके अलावा आईसीसी के राजस्व में हिस्सेदारी बढ़ाने और मैच के दौरान खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक को लेकर भी शर्त रखी गई थी। इतना ही नहीं, भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच त्रिकोणीय सीरीज आयोजित करने का प्रस्ताव भी सामने रखा गया था। आईसीसी ने साफ किया कि द्विपक्षीय या त्रिकोणीय सीरीज का फैसला संबंधित क्रिकेट बोर्ड और सरकारें करती हैं, इसलिए वे इस पर कोई आश्वासन नहीं दे सकते।

पाकिस्तान टीम कर रही मैच की तैयारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान की टीम भी भारत के खिलाफ मैच की संभावना को ध्यान में रखते हुए तैयारी कर रही है। तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा ने बयान दिया कि टीम पूरे टूर्नामेंट के लिए तैयार है और सरकार से अनुमति मिलने पर भारत के खिलाफ भी खेलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ियों का काम मैदान पर प्रदर्शन करना है और अंतिम फैसला सरकार के स्तर पर लिया जाएगा। पाकिस्तान को विश्व कप में अपना अगला मुकाबला 10 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ खेलना है।

बांग्लादेश बोर्ड की अपील

रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पीसीबी से बहिष्कार का फैसला वापस लेने की अपील की है। अब पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी इस पूरे मामले पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा कर सकते हैं, जिसके बाद अंतिम फैसला सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल क्रिकेट प्रशंसकों की नजर 15 फरवरी पर टिकी है, जब यह तय होगा कि विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा मुकाबला मैदान पर खेला जाएगा या नहीं।

Navbharat Live
navbharatlive.com