आसनसोल की स्पंज आयरन फैक्ट्री में धमाका, चार मजदूर घायल; मौके पर पहुंची पुलिस-दमकल

West Bengal Factory Blast: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान में स्पंज आयरन फैक्ट्री में विस्फोट से चार मजदूर घायल हो गए। पुलिस और दमकल ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
west bengal sponge iron factory blast four workers injured paschim bardhaman asansol
पश्चिम बर्दवान में स्पंज आयरन फैक्ट्री में विस्फोट (सोर्स-IANS)
Updated on

Sponge Iron Factory Blast In Jamuria West Bengal: पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल नगर निगम के जामुड़िया क्षेत्र स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कम से कम चार मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार सुबह यह जानकारी दी।

पुलिस ने चलाया राहत-बचाव अभियान

यह हादसा शुक्रवार देर रात जामुड़िया के इकरा औद्योगिक क्षेत्र के शेखपुर इलाके में हुआ। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने फैक्ट्री में फंसे मजदूरों को निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। विस्फोट की खबर मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

धमाके से इलाके में फैली दहशत

शेखपुर गांव के निवासी कंचन पाल ने बताया कि इलाके के एक निजी कारखाने में विस्फोट हुआ। धमाके की तेज आवाज से पूरे गांव में दहशत फैल गई। उन्होंने यह भी कहा कि विस्फोट के कारण आसपास के कई घरों में दरारें आ गई हैं।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर शुरू की जांच

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। इस घटना से कारखाने परिसर में तनाव फैल गया।

भट्टी में विस्फोट से हुआ हादसा, कारणों की जांच जारी

यह हादसा भट्टी में हुए विस्फोट की वजह से हुआ, हालांकि दुर्घटना का सही कारण अभी तक सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके। फैक्ट्री के अधिकारी भी इस पूरे मामले की अलग से जांच कर रहे हैं।

श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

इस घटना ने रात्रिकालीन शिफ्ट में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। स्थानीय निवासी कंचन पाल ने कहा, "कारखानों में रखरखाव का कोई काम नहीं हो रहा है, इसीलिए इस तरह की बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। हम चाहते हैं कि प्रशासन इस पर कड़ी कार्रवाई करे। प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए।"

भाजपा नेता ने की जांच और मुआवजे की मांग

पश्चिम बंगाल में घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय भाजपा नेता दीप बनर्जी ने कहा, "फैक्ट्री में सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जाता। हादसे के बाद भी फैक्ट्री का कोई अधिकारी लोगों से मिलने या बात करने नहीं आया। हम प्रशासन से इस मामले की जांच कराने और घायलों के परिवारों को मुआवजा दिलाने की मांग करेंगे।"

-IANS ऐजेंसी इनपुट

Navbharat Live
navbharatlive.com