Mumbai Mega Block: ट्रांस-हार्बर लाइन की लोकल 5 घंटे बंद, कई मेल-एक्सप्रेस डायवर्ट

Mumbai Mega Block Updates: रविवार को मुंबई में मध्य व ट्रांस-हार्बर लाइन पर 5 घंटे का मेगाब्लॉक रहेगा, जिससे लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी। पश्चिम रेलवे पर कोई दिनकालीन ब्लॉक नहीं है।
Mumbai mega block on Sunday to disrupt Central and Trans-Harbour local train lines for 5 hours, while Western Railway tracks remain clear for daily commuters.
मुंबई ट्रांस-हार्बर लाइन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Mumbai Mega Block Trans Cancelled: मध्य रेलवे पर रविवार को रखरखाव कार्यों के चलते मेगाब्लॉक रहेगा, जिसका सबसे अधिक असर ट्रांस-हार्बर लाइन के यात्रियों पर पड़ेगा। ब्लॉक के दौरान ठाणे-वाशी, ठाणे-नेरुल और ठाणे-पनवेल के बीच लोकल ट्रेन सेवाएं लगभग पांच घंटे तक पूरी तरह बंद रहेंगी। इसके अलावा कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, जिससे उनके 10 से 15 मिनट की देरी से चलने की संभावना है।

विद्याविहार-ठाणे के बीच रहेगा ब्लॉक

रेलवे प्रशासन के अनुसार, विद्याविहार और ठाणे के बीच पांचवीं और छठी लाइन पर सुबह 8:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से गोरखपुर, जयनगर, तिरुवनंतपुरम, काकीनाडा पोर्ट जाने वाली डाउन ट्रेनों सहित पुणे-सीएसएमटी सिंहगढ़ एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस और वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का मार्ग बदला जाएगा।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर 5 घंटे तक सेवाएं बंद

ट्रांस-हार्बर लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक मेगाब्लॉक रहेगा। इस दौरान ठाणे-वाशी, ठाणे-नेरुल और ठाणे-पनवेल के बीच सभी अप और डाउन लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी। रेलवे ने बताया कि ठाणे से सुबह 10:35 बजे से शाम 4:07 बजे तक तथा पनवेल, नेरुल और वाशी से सुबह 10:25 बजे से शाम 4:09 बजे तक चलने वाली सभी ट्रांस-हार्बर लोकल ट्रेनें निरस्त रहेंगी।

मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों पर भी असर

रखरखाव कार्यों के कारण कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। रेलवे के अनुसार, इन ट्रेनों के परिचालन समय में लगभग 10 से 15 मिनट की देरी हो सकती है। यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन का अद्यतन समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी जांचने की अपील की गई है।

पश्चिम रेलवे ने दी राहत

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि रविवार को उपनगरीय नेटवर्क पर दिन के समय कोई जंबो ब्लॉक नहीं रहेगा। इसलिए सभी लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी। हालांकि, वसई रोड और वैतरणा के बीच शनिवार रात 11:55 बजे से रविवार सुबह 4:30 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इसके कारण 19101 विरार-भरूच मेमू लगभग 10 मिनट की देरी से रवाना होगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com