पूर्वी चंपारण में भारत-नेपाल बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई, उज्बेकिस्तान की महिला पकड़ी गई

Uzbekistan Woman Arrested In Bihar: बिहार के पूर्वी चंपारण में भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और पुलिस ने उज्बेकिस्तान की महिला को गिरफ्तार किया। महिला पर अवैध रूप से रहने का आरोप है।
uzbekistan woman arrested india nepal border east champaran bihar illegal stay case
उजबेकिस्तान की महिला को गिरफ्तार किया (सोर्स-IANS)
Published on
Updated on

Uzbekistan Woman Trying To Enter Nepal Arrested In Bihar : बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में उज्बेकिस्तान की एक महिला नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। महिला पर अवैध रूप से भारत में रहने तथा नेपाल जाने का प्रयास करने का आरोप है।

विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस पूरे मामले में विदेशी नागरिक अधिनियम और आव्रजन नियमों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि देर शाम हरैया थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा पर स्थित मैत्री ब्रिज के पास नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रही एक विदेशी महिला की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उज्बेकिस्तान की नागरिक होने की पुष्टि

पूछताछ के दौरान महिला भारत में वैध रूप से रहने से संबंधित कोई दस्तावेज, पासपोर्ट, वीजा अथवा अन्य आवश्यक आव्रजन कागजात प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ में महिला ने खुद को उज्बेकिस्तान की नागरिक बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब एक वर्ष से मुंबई में अवैध रूप से रह रही थी और भारत से नेपाल जाने की कोशिश कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और संबंधित केंद्रीय एजेंसियों को भी सूचना दी जा रही है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि इससे पहले 7 जुलाई को भी पूर्वी चंपारण जिले के हरपुर थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान यूक्रेन की एक महिला नागरिक को गिरफ्तार किया था। उस महिला पर भी बिना वैध पासपोर्ट, वीजा और अन्य आव्रजन दस्तावेजों के भारत में रहने तथा हरपुर बॉर्डर के रास्ते नेपाल में प्रवेश करने का प्रयास करने का आरोप था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी ने निगरानी और जांच अभियान को और सख्त कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-IANS ऐजेंसी इनपुट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com