भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल (फोटो-सोशल मीडिया)
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक पुराने मकबरे पर हिंदू संगठन के हजारों कार्यकर्ताओं ने चढ़ाई कर दी। पुलिस के सामने उग्र भीड़ ने जमकर तांडव किया। मकबरे के पास बनी कब्रों को तोड़ कर भगवा झंडा लगा दिया गया। उग्र भीड़ के सामने पुलिस असहाय नजर आ रही थी। इसी दौरान एक युवक ने मकबरे के गुबंद पर भी भगवा झंडा लहरा दिया। इस घटना के बाद से ही सियासी माहौल गर्म है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
इस भीड़ को बुलाने और भड़काने का आरोप फतेहपुर भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल पर है। हालांकि पुलिस की FIR में इनका नाम नहीं है। अब मुखलाल पाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस अधीक्षक को कथित तौर पर धमकाते नजर आ रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि “फतेहपुर के भाजपा जिला अध्यक्ष का SP को फोन पर धमकी, तुम्हारे में हिम्मत है तो गोली चलवा कर देखो..,आखिर ये गुंडे किसकी सह पर अपना ये रूप दिखा रहे हैं? इनपर कार्रवाई कब होगी?” वहीं इससे पहले समाजवादी पार्टी ने विधानसभा में फतेहपुर मकबरे पर हमले को लेकर जमकर हंगामा किया था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में फतेहपुर भाजपा जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल कथित तौर पर फतेहपुर SP से फोन पर बातचीत कर रहे हैं। वो फोन पर कह रहे हैं कि “SP साहब आपने कहा था कि नहीं कहा था कि 7 बजे बैठक करेंगे। ये मुलायम सिंह की सरकार नहीं है कि आप गोली चलवा देंगे। आपके हिम्मत है तो आप गोली चलवाकर देख लीजिए। आपने कल 7 बजे कहा था तो आपने क्यों नहीं बुलवाया। हमने स्पष्ट किया है कि 7 बजे आपने मनमानी की है। हमने जिलाधिकारी महोदय से भी बातचीत की है। ”
फतेहपुर के भाजपा जिला अध्यक्ष का SP को फोन पर धमकी, तुम्हारे में हिम्मत है तो गोली चलवा कर देखो..
आखिर ये गुंडे किसकी सह पर अपना ये रूप दिखा रहे हैं?
इनपर कार्यवाही कब होगी?#fatehpurnews #FatehpurMaqbara pic.twitter.com/HjCBb5bKw3— Pushpendra Saroj (@Pushpendra_MP_) August 12, 2025
ये भी पढ़ें-‘बाबा का बुलडोजर कहां गया?’, सदन में योगी के सामने ‘फतेहपुर मकबरा’ विवाद में सपा का हंगामा
गौरतलब है कि सोमवार को हिंदू संगठनों ने मकबरे को मंदिर बता कर हमला कर दिया था। हिंदू संगठनों का कहना है कि मकबरे की जगह पहले मंदिर था। हिंदू संगठन मकबरे के अंदर पूजा पाठ की अनुमति मांग रहे हैं। वहीं मुस्लिम समुदाय के लोग इसे अपनी आस्था से जुड़ा हुआ बता रहे हैं।