Nagpur Unique Temple Theft Incident: महाराष्ट्र के नागपुर से चोरी का एक बेहद हैरान करने वाला और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। लकड़गंज थाना क्षेत्र के शीतला माता और शिव मंदिर में दो चोर दाखिल हुए, लेकिन उनकी हरकतें देखकर हर कोई दंग रह गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि मंदिर के अंदर घुसने के बाद इन शातिर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले भगवान के सामने सिर झुकाया, हाथ जोड़े और कान पकड़कर अपनी गलती के लिए माफी भी मांगी।
कुछ पल तक वे चुपचाप वहां खड़े रहे और फिर बिना किसी डर के दोनों मंदिरों की दान पेटियों के ताले तोड़कर उसमें रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गए। इस अनोखी चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंदिर प्रबंधन की शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।