

दीपावली के पूर्व गंगा घाटों पर चला विशेष सफाई अभियान
दशाश्वमेध से मीर घाट तक की गई गंगा तट की सफाई
स्वच्छता को संस्कार में शामिल करने की की गई अपील
दीपावली से पहले गंगा के नाम समर्पित स्वच्छता का संकल्प लेकर स्वच्छता को संस्कार में शामिल करने की अपील करते हुए नगर निगम, नमामि गंगे, सृष्टि वेस्ट सॉल्यूशन सर्विसेज, ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ लोकल गवर्नेंस के सदस्यों ने दशाश्वमेध घाट से मीर घाट तक विशेष सफाई अभियान चलाया। त्योहारों के पूर्व 'सबका साथ हो - गंगा साफ हो' का संदेश देकर नगर निगम ने सामाजिक संगठनों एवं सम्मानित जनता के साथ स्वच्छता के लिए कमर कसी।
गुरुवार को दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद घाट से शुरू हुई स्वच्छता की मुहिम मीर घाट तक चली। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा एवं नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में गंगा तट पर बिखरी अनेकों गंदगियों को समेटा। घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं काशीवासियों को स्वच्छता से जुड़ने की अपील की गई है।
घाटों पर श्रमदान के बाद वहां उपस्थित पर्यटकों और आम लोगों को गंगा और घाटों स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई गई। पतित पावनी मां गंगा की अविरल धारा को निर्मलता के साथ बहने और उनको हमेशा स्वच्छ रखने के लिए सभी संकल्पबद्ध हुए। अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने 'सबका साथ हो, गंगा साफ हो' के नारे संग प्रत्येक काशीवासी को गंगा स्वच्छता से जुड़ने की अपील की।
गंगा मैया की जय के बीच नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा सफाई अभियान के लिए युवाओं का उत्साह मां गंगा के लिए बड़ा लाभकारी है। स्वच्छता की प्रतिबद्धता के लिए संकल्प, साफ-सफाई और जागरूकता से अपनी गंगा नित निर्मलीकरण की ओर अग्रसर होंगी। आयोजन का मूल उद्देश्य गंगा से सबको जोड़ना है।
राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा नदी की स्वच्छता के लिए जन सहभागिता बहुत जरूरी है। आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे महानगर सहसंयोजक बीना गुप्ता, सृष्टि वेस्ट सॉल्यूशन सर्विसेज एवं ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ़ लोकल गवर्नेंस से ज्ञानदीप अग्निहोत्री, अमन मौर्या, विद्याकांत, रविकांत, अभिषेक शुक्ला अमित अग्रहरि, मनीष सिंह, नगर निगम के प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी संदीप भार्गव, वेद प्रकाश राय खाद्य एवं सफाई निरीक्षक दशाश्वमेध एवं नगर निगम के कर्मचारी शामिल रहे।