
Uttar Pradesh Top 10 News Today: उत्तर प्रदेश की दिनभर की वो बड़ी और अहम खबरें हम अपने पाठकों के लिए एक साथ लेकर आ रहे हैं। जहां आप केवल एक क्लिक में राज्य में हुई सियासी हलचल से लेकर सरकार की घोषणाओं और अपराध की दुनिया में क्या कुछ हुआ वो सबकुछ जान पाएंगे। आइए इस खास बुलेटिन में यूपी की दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से जानते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करते हुए टैक्सी चालकों और किसानों के लिए दो बड़े कदम उठाए। भारत टैक्सी से टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालक रजिस्ट्रेशन के साथ जीरो कमीशन पर जुड़ सकेंगे। उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा भी मिलेगी।
यूपी के लखनऊ में बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने पार्टी मुख्यालय में बीएसपी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मायावती ने ईशान आनंद को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए बीएसपी के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी। लखनऊ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मायावती ने आकाश आनंद के भाई ईशान आनंद को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक (National Coordinator) नियुक्त करने की घोषणा की।
सुप्रीम कोर्ट ने आज गौतम बुद्ध नगर की डीएम मेधा रूपम की याचिका पर सुनवाई की। डीएम ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ दायर की गई थी। जिसमें उत्तर प्रदेश में छात्र कार्यकर्ता अकृति चौधरी को NSA के तहत हिरासत को गलत ठहराया और आदेश दिया कि जिला मजिस्ट्रेट मेधा रूपम के वेतन से 5 लाख रुपये काटकर अकृति चौधरी को मुआवजा दिया जाए।
टीजीटी-पीजीटी परीक्षा पुरानी नियमावली और पुराने पैटर्न से कराने की मांग को लेकर प्रतियोगी छात्रों का आंदोलन बुधवार को 18वें दिन भी जारी रहा। पत्थर गिरजाघर स्थित धरना स्थल से शिक्षा निदेशालय पहुंचे अभ्यर्थी पिछले दो दिनों से निदेशालय के बाहर धरना दे रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि शासन-प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेने के बजाय आंदोलन और अनशन समाप्त कराने पर जोर दे रहा है।
अहरौला थाना क्षेत्र के शम्भूपुर गांव में मंगलवार की शाम हुई सनसनीखेज वारदात के बाद करीब 7 घंटे तक पुलिस और आरोपी के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान अपनी पत्नी समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी अरविंद कुमार अपने तीन बच्चों और लाइसेंसी हथियार के साथ घर के एक कमरे में बंद हो गया।
पूरब का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय के लिए 23 सितंबर का दिन इस बार दोहरी खुशी लेकर आया है। विश्वविद्यालय के 140वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रो. संगीता श्रीवास्तव को दूसरे कार्यकाल के लिए कुलपति नियुक्त किए जाने का आदेश जारी हुआ है।
आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित सराय ख्वाजा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) पर भारी वाहनों को रोकने के लिए लगाया गया हाइट गेज महज 24 घंटे के भीतर ही हादसे का शिकार होकर धराशायी हो गया। बुधवार को तेज रफ्तार सवारियों से भरी एक बस हाइट गेज से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइट गेज के साथ लगा ओवरहेड रोड साइन बोर्ड भी नीचे आ गिरा।
भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के बलिया गोदाम से हापुड़ के दो व्यापारियों का 378.20 क्विंटल (780 बोरा) सरकारी चावल रास्ते में ही गायब हो गया। आरोप है कि ट्रांसपोर्टर ने फर्जी दस्तावेज और नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर करीब 12 लाख रुपए का चावल हड़प लिया।
लेह में हुए सड़क हादसे में भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स (2 RAJRIF) में तैनात मथुरा के वीर सपूत अग्निवीर सूरज सिंह वीरगति को प्राप्त हो गए। देश की सेवा करते हुए उनके शहीद होने की खबर जैसे ही परिजनों और क्षेत्रवासियों को मिली, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर मथुरा की इंदुपुरम कॉलोनी स्थित आवास पर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया।
वाराणसी के पांडेयपुर क्षेत्र में पत्रकार देवेंद्र कुमार पांडेय के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, अभद्रता, मारपीट और मोबाइल छीनने के प्रयास का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले में कथित पुलिसकर्मी द्वारा पत्रकार के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना से नाराज बड़ी संख्या में पत्रकार लालपुर थाने पहुंचकर धरने पर बैठ गए हैं और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।