Agra: 24 घंटे में ही धराशायी हुआ सराय ख्वाजा ROB का हाइट गेज, बस की जोरदार टक्कर से मचा हड़कंप

Agra ROB Accident: सराय ख्वाजा रेलवे ओवरब्रिज पर महज 24 घंटे पहले लगाया गया हाइट गेज सवारियों से भरी बस की टक्कर से धराशायी हो गया। हादसे में रोड साइन बोर्ड भी गिर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Agra Passenger Bus Crashes into Newly Installed Height Gauge
सराय ख्वाजा ROB का हाइट गेज(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Agra ROB Height Gauge Accident: आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र स्थित सराय ख्वाजा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) पर भारी वाहनों को रोकने के लिए लगाया गया हाइट गेज महज 24 घंटे के भीतर ही हादसे का शिकार होकर धराशायी हो गया। बुधवार को तेज रफ्तार सवारियों से भरी एक बस हाइट गेज से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाइट गेज के साथ लगा ओवरहेड रोड साइन बोर्ड भी नीचे आ गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि रेलवे की ओर से पुल पर निर्धारित ऊंचाई से अधिक ऊंचे और भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए ROB के दोनों तरफ हाइट गेज लगाए गए थे। इनका उद्देश्य ऐसे वाहनों को पुल पर जाने से रोकना था, ताकि पुल की संरचना और रेलवे व्यवस्था को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक हाइट गेज को अभी करीब 24 घंटे पहले ही लगाया गया था।

हाइट गेज में जा घुसी सवारियों से भरी एक बस

बुधवार को सवारियों से भरी एक बस तेज गति से पुल की ओर पहुंची और हाइट गेज में जा घुसी। टक्कर के बाद लोहे का हाइट गेज टूटकर सड़क पर गिर गया। इसके साथ लगा ओवरहेड रोड साइन बोर्ड भी धराशायी हो गया। बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Agra Passenger Bus Crashes into Newly Installed Height Gauge
TGT-PGT अभ्यर्थियों का आंदोलन 18वें दिन भी जारी, शिक्षा निदेशालय के गेट पर तालाबंदी के विरोध में राष्ट्रगान

अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में यात्रियों के हताहत होने की स्थिति को लेकर पुलिस ने मौके पर राहत एवं बचाव की कार्रवाई की।

महज 24 घंटे पहले लगाए गए हाइट गेज की मजबूती पर उठे सवाल

हादसे के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि महज 24 घंटे पहले लगाए गए हाइट गेज की मजबूती और उसकी ऊंचाई को लेकर क्या पर्याप्त परीक्षण किया गया था। साथ ही, बस चालक को हाइट गेज की ऊंचाई का अंदाजा क्यों नहीं हो सका..यह भी जांच का विषय है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। सराय ख्वाजा ROB पर हाइट गेज और रोड साइन बोर्ड के क्षतिग्रस्त होने के बाद यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस एवं संबंधित विभाग के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com