कानपुर में मरकस मस्जिद के पास धमाके से दहला बाजार, 8 लोग घायल, मची भगदड़! देखें VIDEO

Kanpur Scooter Blast: पुलिस के मुताबिक स्कूटर का पता लगा लिया है और जो लोग इसे चला रहे थे, उनसे भी पूछताछ की जाएगी। यह एक दुर्घटना है या कोई साजिश, यह बाद में ही पता चलेगा।
Kanpur Blast
कानपुर में मरकस मस्जिद के पास धमाके से दहला बाजार
Published on: 
Updated on: 

Kanpur Blast News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बुधवार रात करीब सवा सात बजे एक बड़ा हादसा हुआ, जब दो स्कूटियों में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसके आसपास खड़े करीब आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

धमाके से दीवारों में आई दरारें, मची अफरा-तफरी

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

यह घटना कानपुर के मूलगंज थाना क्षेत्र के मिश्री बाजार स्थित मरकस मस्जिद के पास की है, जहां दो स्कूटी सड़क किनारे खड़ी थीं। रात करीब सवा सात बजे इनमें अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में 8 लोग घायल हो गए हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने सबूत इकट्ठा किए हैं और स्कूटियों की जांच की जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

धमाके का कारण अब तक अज्ञात

फिलहाल धमाके की वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू कर दी गई है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह कोई दुर्घटना है या साजिश।

जॉइंट सीपी का बयान

कानपुर के जॉइंट सीपी ने बताया कि धमाके में 8 लोग घायल हुए हैं और सभी की हालत स्थिर है। स्कूटियों के नंबर मिल गए हैं और उनके मालिकों से पूछताछ की जाएगी। धमाके से एक दुकान की फॉल्स सीलिंग भी गिर गई।

फॉरेंसिक टीम ने सैंपल ले लिए हैं और यह जांच की जा रही है कि कहीं बैटरी फटने से तो धमाका नहीं हुआ, या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। जांच जारी है और पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से पड़ताल कर रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com