अटल जयंती पर पीएम मोदी का लखनऊ को तोहफा: 65 एकड़ में बना 'राष्ट्र प्रेरणा स्थल' देश को समर्पित

Atal Jayanti: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर लखनऊ में 'राष्ट्र प्रेरणा स्थल' का लोकार्पण करेंगे। 230 करोड़ की लागत से बना यह स्मारक राष्ट्रवाद का नया केंद्र बनेगा।
Rashtra Prerna Sthal
राष्ट्र प्रेरणा स्थल, फोटो: सोशल मीडिया
Updated on

Rashtra Prerna Sthal: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आज एक ऐतिहासिक गौरव का गवाह बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वसंत कुंज में निर्मित भव्य 'राष्ट्र प्रेरणा स्थल' का उद्घाटन करेंगे। यह स्थल भारतीय राजनीति के तीन महान दिग्गजों की विरासत और उनके आदर्शों को समर्पित एक आधुनिक स्मारक है।

राष्ट्रवाद के तीन स्तंभों को समर्पित भव्य परिसर लखनऊ के वसंत कुंज इलाके में 65 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला 'राष्ट्र प्रेरणा स्थल' अब राष्ट्र को समर्पित होने के लिए तैयार है। करीब 230 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह परिसर न केवल एक स्मारक है, बल्कि भारतीय राष्ट्रवाद के तीन प्रमुख स्तंभों- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, आदर्शों और योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का एक अनुपम केंद्र है।

65 फीट ऊंची प्रतिमाएं और कमल के आकार का संग्रहालय

इस प्रेरणा स्थल की सबसे बड़ी विशेषता यहाँ स्थापित तीनों महापुरुषों की 65 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाएं हैं, जो राष्ट्र निर्माण में उनके अटूट योगदान का प्रतीक हैं। इसके अलावा, परिसर में 'कमल' के आकार का एक अत्याधुनिक संग्रहालय बनाया गया है, जहाँ आगंतुकों को इन दूरदर्शी नेताओं के जीवन संघर्ष और उनके विजन को डिजिटल और भौतिक माध्यमों से जानने का अवसर मिलेगा। यहाँ एक ध्यान केंद्र और विशाल जनसभा स्थल भी विकसित किया गया है, जो इसे राष्ट्रीय प्रेरणा का जीवंत स्रोत बनाते हैं।

क्या है पीएम मोदी का शेड्यूल?

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर 1:50 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे कार्यक्रम स्थल की ओर प्रस्थान करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2:30 बजे वे इस विशाल स्मारक का लोकार्पण करेंगे और वहां मौजूद लगभग ढाई लाख लोगों की भारी भीड़ को संबोधित करेंगे। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष तैयारी है।

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने इस उद्घाटन को अपना 'सौभाग्य' बताया और कहा कि उनकी सरकार देश की महान विभूतियों की विरासत के संरक्षण और सम्मान के लिए कृतसंकल्प है।

Navbharat Live
navbharatlive.com