
मायावती (डिजाइन फोटो)
UP Politics: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को एक अहम बैठक में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में केवल मुट्ठी भर लोग खुश हैं, जबकि बाकी जनता त्रस्त है। मायावती ने विशेष रूप से ब्राह्मण समाज की नाराजगी का जिक्र करते हुए कहा कि यह वर्ग अपनी उपेक्षा और अपमान के खिलाफ अब खुलकर बोल रहा है।
शनिवार को बीएसपी प्रमुख ने पार्टी के प्रदेश, मंडल और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ एक विशेष बैठक की। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गहन रणनीति तैयार की गई। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी और सरकार ने ब्राह्मण समाज को उतना सम्मान और सुरक्षा दी है, जितना बीएसपी के शासनकाल में मिला था? उनका कहना है कि भाजपा सरकार की नीतियों से समाज का हर तबका दुखी है।
मायावती ने बैठक के दौरान अपनी पार्टी के पुराने सिद्धांत ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ को दोहराया। उन्होंने कहा कि बीएसपी के शासन में कानून का राज सख्ती से लागू किया गया था, जिससे सभी समाज के लोगों का भला हुआ। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और अन्य विरोधी पार्टियों की सोच जातिवादी, संकीर्ण और धन्नासेठ-समर्थक है। मायावती ने आरोप लगाया कि ये पार्टियां पूंजीवादी और गरीब-विरोधी मानसिकता से काम करती हैं।
07-02-2026-BSP UP MEETING PHOTO pic.twitter.com/8ckYF9e4Km — Mayawati (@Mayawati) February 7, 2026
पूर्व मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए विरोधियों को घेरते हुए कहा कि एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण के खिलाफ इनकी चाल और चरित्र को कोई नहीं भुला सकता। यही कारण है कि इन वर्गों के लोगों को सरकारी नौकरी और प्रमोशन में भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने हाल ही में आए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों पर भी चिंता जताई। मायावती का कहना है कि सरकार की नीयत में खोट है, जिसके कारण यूजीसी के नियम सामाजिक समरसता लाने के बजाय सामाजिक तनाव का नया कारण बन गए हैं।
बीएसपी सुप्रीमो ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी नजर अब सीधे उत्तर प्रदेश के अगले विधानसभा चुनावों पर है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखकर संगठन में जरूरी फेरबदल किए गए हैं। उनका लक्ष्य ‘मिशन 2027’ को उसी तरह सफल बनाना है, जैसे 2007 में पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था। मायावती ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ वाली पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए जुट जाएं।
यह भी पढ़ें: ‘अब तो ’पंडत’ को घूसखोर बताकर…’, फिल्म घूसखोर पंडत के नाम पर भड़कीं मायावती, मोदी सरकार से बैन लगाने की मांग
उन्होंने कहा कि वर्तमान हालात में भाजपा काफी असहज और चिंतित नजर आ रही है क्योंकि ब्राह्मण समाज देशभर में अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा है। मायावती ने दावा किया कि सर्वसमाज का हित केवल बीएसपी में ही सुरक्षित रहा है और आगे भी इसी पार्टी में सुरक्षित रह सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा राज में जिस तरह मुट्ठी भर लोगों के स्वार्थ पूरे किए जा रहे हैं, उससे आम जनता में भारी रोष है।






