मौके पर जुटी भीड़, फोटो- सोशल मीडिया
Shamli News Update: शामली जिले के कैराना कस्बे से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां एक मजदूर ने पत्नी से लगातार चल रहे विवाद और मानसिक तनाव के कारण अपने चार छोटे बच्चों के साथ यमुना नदी में छलांग लगा दी।
घटना से ठीक पहले उसने एक वीडियो बनाकर अपनी बहन को भेजा, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है और यमुना नदी में गोताखोरों के जरिए बड़े पैमाने पर खोजबीन चल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, कैराना के मोहल्ला खेलकलां निवासी 35 वर्षीय सलमान पेशे से मजदूर था। सलमान की शादी करीब 15 साल पहले खुशनुमा से हुई थी। बताया जाता है कि लंबे समय से दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार, खुशनुमा का जौला निवासी साबिर नामक युवक से प्रेम प्रसंग था और वह अक्सर बिना बताए घर से चली जाती थी। इससे सलमान मानसिक रूप से बेहद परेशान था।
घटना से तीन दिन पहले भी सलमान और खुशनुमा के बीच तीखा झगड़ा हुआ। दो दिन पहले खुशनुमा अपने प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई थी। इसी तनाव में आकर सलमान ने अपने चार बच्चों – मेहक (12), इनायशा (8), शिफा (4) और आयान (3) के साथ यमुना नदी में कूदने का फैसला कर लिया। कूदने से पहले उसने एक भावुक वीडियो बनाकर अपनी बहन गुलिस्ता को भेजा, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से यमुना नदी में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और वे महिला व अन्य आरोपितों की जांच की मांग कर रहे हैं।
सलमान की बहन गुलिस्ता ने बताया कि उसकी भाभी का मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के साबिर नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह इसी के साथ दो दिन पहले फरार हुई, जिससे आहत होकर भाई ने यह कदम उठाया। गुलिस्ता ने आरोप लगाया कि इस मामले में साबिर के अलावा इंतजार, हारून, इस्तिकार, अंजुम और खुशनुमा की भी भूमिका है।
यह भी पढ़ें: बिहार की सियासत में शिवराज की दस्तक, लालू यादव पर किया वार, कहा- कुर्सी के लिए किया बेटी का तिरस्कार
इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अभी तक यमुना नदी से सलमान और बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला है। आशंका है कि तेज बहाव में पांचों बह गए हों। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है और जल्दी ही शव मिलने की संभावना है।