केशव मौर्य, सीएम योगी, राहुल गांध, मायावती, अखिलेश यादव(फोटो- नवभारत डिजाइन)
लखनऊः उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के 8 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने विपक्षी दल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी व बसपा को लेकर भविष्यवाणी की है, जो अखिलेश, मायावती व राहुल गांधी को कतई पसंद नहीं आएगी। मौर्य ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पिछले चुनावों की तरह पार्टी का प्रदर्शन रहेगा, जिसका मतलब है कि राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार आएगी।
भाजपा नेता मौर्य ने एएनआई से बातचीत करते हुए दावा ठोका कि 2047 तक समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी का राज्य की राजनीतिक में कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि “भाजपा 2017 में राज्य की सत्ता में आई और 2025 में हमने (शासन के) 8 साल पूरे कर लिए। राज्य के 25 करोड़ लोगों के जीवन में जो परिवर्तन और खुशी आई है, जो विकास हुआ है और गरीबों के कल्याण की ओर बढ़ने का अवसर मिला है, वह बेजोड़ है।
2017 वाला प्रदर्शन 2027 में दोहराएंगे
इसके आगे डिप्टी सीएम केशव ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हम 2017 को 2027 में दोहराएंगे और लगातार तीसरी बार सरकार बनाएंगे। 2047 तक यूपी के सियासत में सपा, कांग्रेस या बसपा का कोई भविष्य नहीं होगा। इससे पहले आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार की आठवीं वर्षगांठ पर उसके कामकाज की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में “सेवा, सुरक्षा और सुशासन” के आठ साल पूरे हो गए हैं।
भाजपा सरकार के 8 साल पूरे होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित
भाजपा सरकार के आठ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह चौधरी समेत कई अन्य मंत्री और गणमान्य लोग शामिल हुए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 8 साल पूरे हो गए हैं। यूपी की डबल इंजन सरकार ने आज 8 साल पूरे कर लिए हैं। मैं उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं।
उत्तर प्रदेश की अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
‘8 साल पहले राज्य में पहचान का संकट था’
सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों से तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में “पहचान का संकट” था और इसका बुनियादी ढांचा, अर्थव्यवस्था, कानून-व्यवस्था, सब कुछ ‘बेहाल’ था। उन्होंने कहा कि लोग देख सकते हैं कि सरकार बदलने से कितने बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। हममें से अधिकांश लोग जानते हैं कि 8 साल पहले यूपी की स्थिति और पहचान क्या थी। 8 साल पहले यूपी के बुनियादी ढांचे और अर्थव्यवस्था की स्थिति छिपी नहीं थी। यूपी के सामने पहचान का संकट था। किसान आत्महत्या कर रहे थे, युवा संघर्ष कर रहे थे, बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे और लोग दंगों और ध्वस्त कानून व्यवस्था की वजह से खराब अर्थव्यवस्था को बर्दाश्त कर रहे थे।