पीएम मोदी से मिले चीनी विदेश मंत्री वांग यी, SCO शिखर सम्मेलन का दिया न्योता

भारत दौरे पर आए चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने PM मोदी से मुलाकात की। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) डोभाल के बीच चीन-भारत सीमा के मुद्दे पर 24वीं विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता की।
पीएम मोदी से मिले चीनी विदेश मंत्री वांग यी, SCO शिखर सम्मेलन का दिया न्योता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले चीनी विदेश मंत्री वांग यी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India China Relation: भारत और चीन के रिश्तों में नई हलचल देखने को मिली है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी भारत दौरे पर पहुंचे और मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग का संदेश और चीन के तियानजिन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन का न्योता सौंपा। पीएम मोदी ने भी सीमा पर शांति और सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया और आपसी संवेदनशीलता व हितों के सम्मान को भारत-चीन संबंधों का आधार बताया।

वांग यी ने अपनी भारत यात्रा के दौरान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मुलाकात की। डोभाल और वांग के बीच 24वीं विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता हुई, जिसमें भारत-चीन सीमा मुद्दों और द्विपक्षीय संबंधों पर गहन चर्चा हुई। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति शी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच पिछले साल कजान में हुई मुलाकात ने दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा दी है। दोनों पक्षों ने सीमा क्षेत्र में शांति बनाए रखने और विश्वास बढ़ाने पर सहमति जताई।

सीमा वार्ता पर बनी सहमति

एनएसए अजीत डोभाल ने बैठक के दौरान कहा कि कजान में हुई मोदी-शी मुलाकात से दोनों देशों के रिश्तों में सकारात्मक मोड़ आया है। सीमा पर शांति बनाए रखने और द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में यह एक अहम कदम रहा। चीनी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों पक्ष 2005 में बने राजनीतिक मार्गदर्शक सिद्धांतों के आधार पर निष्पक्ष और परस्पर स्वीकार्य समाधान खोजने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही सीमा प्रबंधन और नियंत्रण को मज़बूत करने पर भी सहमति बनी है। दोनों देशों ने तय किया कि अगले साल चीन में भारत-चीन सीमा प्रश्न पर 25वीं विशेष प्रतिनिधियों की बैठक होगी।

पाकिस्तान दौरे की तैयारी में वांग यी

चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि वांग यी 20 से 22 अगस्त तक पाकिस्तान का दौरा करेंगे। इस दौरान वह पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार के साथ रणनीतिक वार्ता के छठे दौर में हिस्सा लेंगे। यह यात्रा चीन-पाकिस्तान उच्च स्तरीय संपर्क का हिस्सा है और इसका उद्देश्य दोनों देशों की साझेदारी को और गहरा करना है। माओ निंग ने कहा कि यह तीन वर्षों में वांग की दूसरी पाकिस्तान यात्रा होगी। यहां दोनों पक्ष आर्थिक सहयोग, क्षेत्रीय स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।

भारत और चीन के बीच हालिया मुलाकात को सकारात्मक माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि चीन के विदेश मंत्री से मिलकर खुशी हुई और वह एससीओ शिखर सम्मेलन में अपनी अगली मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं। उनका मानना है कि भारत-चीन के स्थिर और रचनात्मक संबंध न केवल क्षेत्रीय बल्कि वैश्विक शांति और विकास के लिए भी अहम साबित होंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com