

UP Police News: गाजियाबाद के अशोक विहार में रिटायर्ड सैनिक योगेश हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। अलीगढ़ में तैनात एक सिपाही ने अपने बहनोई के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ने योगेश को गाजियाबाद-सहारनपुर हाइवे पर गोली मारी थी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने सिपाही और उसके बहनोई को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी अरविंद ने बताया कि वह बुलंदशहर के बाबरी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। अरविंद ने बताया कि उसका पड़ोसी योगेश एयरफोर्स में था। रिटायरमेंट के बाद जब योगेश घर लौटा तो उसका व्यवहार किसी के साथ भी अच्छा नहीं था। वह अपना घर बेचना चाहता था और अपने दोनों बेटों को घर खाली करने के लिए कह रहा था। अरविंद ने बताया कि योगेश की पत्नी उसके घर पर आकर अक्सर रोती थी। व कहती थी कि योगेश ने सभी को परेशान करके रखा है।
इतना ही नहीं अरविंद ने बताया कि वह आवारा कुत्तों को ब्रेड खिलाता था तो योगेश उन कुत्तों को मारता था। योगेश के इन कारनामों से परेशान होकर योगेश के दोनों बेटों से मिलकर उसे मारने की साजिश रची थी। दोनों बेटों ने पिता को मारने के लिए 5 लाख रुपये देने की बात कही थी। अरविंद ने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अलीगढ़ से अपने बहनोई नवीन को बुलाया था। नवीन यूपी में पुलिस में तैनात है। इसके बाद दोनों ने मिलकर योगेश की हत्या की थी। सहारनपुर-गाजियाबाद हाइवे पर उसे गोली मार दी थी।
पुलिस ने अब मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही। वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया गया है। इनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। यह भी कहा कि यूपी पुलिस के सिपाही ने इस घटना को अंजाम दिया, यह बेहद अफसोसजनक है। नवीन को कड़ी सजा मिले, उसके लिए वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं, ताकि अदालत में जुर्म साबित किया जा सके।