प्रयागराज में बोलेरो और बस में टक्कर (फोटो सोशल मीडिया)
प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार व शनिवार की दरम्यानी रात भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां करीब 2.30 बजे एक बोलेरो और बस में टक्कर हो गई। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है और 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी मृतक बोलेरो सवार हैं। बोलेरो छत्तीसगढ़ के कोरबा से जिले से श्रद्धालुओं के लेकर महाकुंभ जा रही थे। इस बीच प्रयागराज- मिर्जापुर हाईवे पर मेजा में बस से टक्कर हो गई।
घायल हुए 19 लोग बस में सवार थे, जो कि मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के रहने वाले हैं। वे संगम स्नान के बाद वाराणसी जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह से डैमेज हो गई।
जोरदार टक्कर के बाद कई श्रद्धालु छिटककर सड़क पर जा गिरे। किसी का हाथ टूटा तो किसी का सिर फट गया। कई लोग बोलेरो में ही फंस गए। शवों को बोलेरो से निकालने में ढाई घंटे का समय लगा। सूचना के बाद मौके पर कमिश्नर तरुण गाबा और डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक मरने वालों की पहचान नहीं हो सकी है।
देश की अन्य लेटेस्ट खबरों के लिए इस लिंक पर टैप करें
एसपी यमुनापार विवेक यादव ने बताया- बोलेरो में सभी पुरुष सवार थे। इसकी स्पीड बहुत ज्यादा थी। बस वाले ने ब्रेक लगाया, लेकिन सामने से आ रही बोलेरो बस में सामने से भिड़ गई।
हादसे के वक्त मौजूद एक स्थानी व्यक्ति ने बताया कि टक्कर की आवाज सुनकर हम लोग दौड़कर पहुंचे। देखा तो बोलेरो सवार शव बुरी तरह फंसे थे। हम लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन शव बुरी तरह फंसे हुए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस गैस कटर और एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंची। कार को गैस कटर से काटा गया। तब जाकर शवों को बाहर निकाला गया।