भारतीय सेना की बहादुर अफसरों के नाम से बने फर्जी अकाउंट्स का पर्दाफाश, PIB ने दी चेतावनी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर फर्जी अकाउंट बनाए गए हैं, जिन पर ब्लू टिक (वेरिफाइड) भी लगा हुआ था। इन अकाउंट्स ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की और हजारों फॉलोअर्स जोड़ लिए।
Vyomika Singh and Sofia Qureshi
Vyomika Singh and Sofia Qureshi के फेक अकांउट का सच। (सौ. X)
Published on: 
Updated on: 

नवभारत टेक डेस्क: भारत सरकार के प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने हाल ही में एक गंभीर साइबर धोखाधड़ी को उजागर किया है। सेना की दो जांबाज़ अफसर — विंग कमांडर व्योमिका सिंह (भारतीय वायुसेना) और कर्नल सोफिया कुरैशी (भारतीय सेना) के नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर फर्जी अकाउंट बनाए गए हैं, जिन पर ब्लू टिक (वेरिफाइड) भी लगा हुआ था। इन अकाउंट्स ने तेजी से लोकप्रियता हासिल की और हजारों फॉलोअर्स जोड़ लिए।

फर्जी अकाउंट्स ने उड़ाई अफवाहें, PIB ने किया अलर्ट

PIB ने स्पष्ट किया है कि व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी का X पर कोई आधिकारिक अकाउंट मौजूद नहीं है। इसके बावजूद, फर्जी प्रोफाइल्स के जरिए इन अफसरों की प्रतिष्ठा और लोकप्रियता का गलत इस्तेमाल कर झूठी जानकारी फैलाई जा रही है। पीआईबी ने नागरिकों से अपील की है कि वे सिर्फ आधिकारिक सूत्रों से ही सूचना लें और किसी भी वायरल या वेरिफाइड लगने वाले प्रोफाइल को बिना जांचे-परखे फॉलो न करें।

ऑपरेशन सिंदूर की वीरांगनाएं बनीं चर्चा का केंद्र

गौरतलब है कि हाल ही में 'ऑपरेशन सिंदूर' के सफल समापन पर भारतीय सेना द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने हिस्सा लिया था। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इन दोनों बहादुर महिलाओं की बहादुरी और नेतृत्व की सराहना हो रही है।

लेकिन इसी लोकप्रियता का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात साइबर अपराधियों ने फेक प्रोफाइल्स बनाकर हजारों लोगों को गुमराह किया। बताया जा रहा है कि व्योमिका सिंह के नाम से बनाए गए फर्जी अकाउंट पर करीब 28,400 फॉलोअर्स और सोफिया कुरैशी के नाम से 68,000 से अधिक फॉलोअर्स जुड़ चुके थे।

फर्जी अकाउंट्स से रहें सावधान

PIB ने जनता को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को बिना पुष्टि के न मानें। सरकारी अफसरों या रक्षा बलों के जवानों के नाम पर बने अकाउंट्स की सत्यता जांचें, और किसी भी संदेहास्पद प्रोफाइल की सूचना प्लेटफॉर्म को दें।

Navbharat Live
navbharatlive.com