
File Photo
पुणे : पुणे (Pune) शहर में पिछले कई दिनों से कोयता गैंग (Koyta Gang) का आतंक मचा था। पुलिस ने कोयता गैंग की दहशत ख़त्म करने के लिए कई तरीके अपनाएं। लेकिन, कोयता गैंग का लोगों को परेशान करना जारी ही था। वहीं, अब पुलिस के हाथों एक बड़ी कामयाबी लगी है। मीनाताई ठाकरे कॉलोनी के इंडस्ट्रियल एस्टेट में आतंक फैलाने वाले कोयता गैंग के लीडर सचिन माने (Sachin Mane) को अब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
सचिन माने के साथ उसके साथियों को भी स्वारगेट पुलिस की एक टीम ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से कोयता, तलवार, जैसे हथियार जब्त किए गए हैं। पूरे गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (MACOCA) के तहत कार्रवाई की गई है।
‘सचिन माने, रोहित जाधव, अजय दिखले, यश माने, अमर जाधव, विजय दिखले, मोन्या उर्फ सूरज काकड़े,निखिल राकेश पेटकर को गिरफ्तार किया गया है। पाल्या पासंगे, आयुष माने, माया उर्फ अभिषेक पटोले, प्रमोद उर्फ पम्या आरोपियों के साथी हैं।’ इनमें एक नाबालिग बच्चा भी शामिल है।
ठाकरे इंडस्ट्रियल कॉलोनी में वर्चस्व के सचिन माने और उनके साथियों ने प्रतिद्वंद्वी गिरोह के प्रकाश पवार और उनके साथियों पर हमला किया था, इस दौरान काफी तोड़फोड़ भी हुई थी। पूरे परिसर में दहशत फ़ैलाने के बाद यह गैंग फरार हो गया। वहीं, अब जांच टीम को सूचना मिली कि माने घोरपडे पेठ में अपनी प्रेमिका से मिलने आ रहा है।
पुलिस ने जाल बिछाकर माने को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान उसने पुलिस पर कोयता से वार करने का प्रयास किया। इस मुठभेड़ में पुलिसकर्मी शिवा गायकवाड़ घायल हो गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक इंदलकर, पुलिस निरीक्षक (अपराध) सोमनाथ गायकवाड़, सहायक निरीक्षक प्रशांत सांडे, उपनिरीक्षक अशोक येवले की टीम ने माने को गिरफ्तार किया।
सचिन माने ने इंडस्ट्रियल एस्टेट में ‘एसएम कंपनी’ नाम से क्रिमिनल गैंग शुरू किया था। माने के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, रंगदारी के संगीन मामले स्वारगेट, सहकार नगर, मार्केट यार्ड पुलिस थाना में दर्ज हैं।






