नवी मुंबई: मुंबई के घाटकोपर में अवैध रूप से लगाई गयी होर्डिंग की वजह से हुई भीषण दुर्घटना के बाद नवी मुंबई मनपा ने अवैध होर्डिंग पर कार्रवाई करने का अभियान शुरू किया है। नवी मुंबई (Navi Mumbai) मनपा (Municipal corporation) की इस कार्रवाई को देखते हुए अब इमारतों पर अवैध रूप से लगाए गए मोबाइल टावर (Illegal Mobile Tower) पर भी कार्रवाई करने की मांग स्थानीय नागरिकों द्वारा की जा रही है। उल्लेखनीय है कि नवी मुंबई में बड़ी संख्या में मोबाइल टावर अवैध रूप से लगाए गए है, इनमें से कुछ इमारतें ऐसी भी है जो जर्जर हो चुकी हैं, लेकिन उनकी छतों पर मोबाइल टावर लगे हुए देखे जा सकते हैं। नवी मुंबई मनपा अभी तक 34 अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई कर चुकी है।
उल्लेखनीय है कि इमारतों पर लगे मोबाइल टावरों से निकलने वाले रेडिएशन की वजह से कैंसर तथा अन्य कई तरह की भयंकर बीमारियां होने का खतरा बना रहता है। मोबाइल टावरों से निकलने वाला रेडिएशन आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर डालने का काम करता है, इसके बावजूद कुछ लोग आर्थिक लालच की वजह से अपनी इमारतों पर मोबाइल टावर लगाने की अनुमति दे देते हैं। हालांकि इमारत पर मोबाइल टावर लगाने के लिए मनपा प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी होता है, लेकिन कुछ लोग बिना अनुमति के मोबाइल टावर लगा देते हैं। इस बारे में नवी मुंबई में रहने वाले सिविल इंजीनियर सचिन कुमार का कहना है, कि इमारत पर मोबाइल टावर लगाते समय उसके स्ट्रक्चर का भी ध्यान दिया जाना चाहिए, कि इमारत मोबाइल टावर का वजन उठाने में सक्षम है कि नहीं, इसके बाद ही संबंधित प्रशासन को इमारत पर मोबाइल टावर लगाने की अनुमति देनी चाहिए।
नवी मुंबई के गांवठन परिसर में बनी इमारतों पर बड़ी संख्या में अवैध रूप से मोबाइल टावर लगाने का काम किया गया। इसके लिए किसी प्रकार की कोई अनुमति नहीं ली गयी है। नवी मुंबई में दीघा , इंदिरा नगर, तुर्भे के अलावा कई झोपड़पट्टी इलाके भी हैं। जहाँ अवैध रूप से बनाये गए दो मंजिला इमारतों पर अवैध रूप से लगे हुए मोबाइल टावरों को देखा जा सकता है। जानकारी के अनुसार एक मोबाइल टावर का किराया प्रति महीने 60 से 70 हजार के आसपास होता है। इसी लालच की वजह से लोग अपनी इमारतों पर मोबाइल टावर लगा देते हैं। सवाल उठता है कि यदि ऐसे में कोई दुर्घटना घट जाती है तो उसका जिम्मेदार कौन होगा?
अवैध टावरों पर चलेगा मनपा का हंटर
डॉ कैलाश शिंदे (आयुक्त, नवी मुंबई मनपा) ने नवभारत को बताया कि अवैध रूप से इमारतों पर लगे मोबाइल टावर के सन्दर्भ में जानकारी जुटाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही इमारतों का स्ट्रक्चरल ऑडिट भी किया जाएगा, इसके आदेश संबंधित विभाग को दे दिए गए गए हैं। अवैध रूप से लगाए गए मोबाइल टावर पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।