

जयपुर: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) कांग्रेस नेता राजेश पायलट (Rajesh Pilot) का अपमान करके भारतीय वायुसेना के बलिदान का अपमान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश को इसकी निंदा करनी चाहिए। गहलोत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में यह बात कही।
भाजपा के आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने मंगलवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया था कि ‘‘राजेश पायलट और सुरेश कलमाड़ी भारतीय वायु सेना के उन विमानों को उड़ा रहे थे, जिनसे पांच मार्च, 1966 को मिजोरम की राजधानी आइजोल पर बमबारी की गयी थी।''
गहलोत ने बुधवार की शाम को सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘कांग्रेस नेता राजेश पायलट भारतीय वायुसेना के वीर पायलट थे। उनका अपमान करके भाजपा भारतीय वायुसेना के बलिदान का अपमान कर रही है।'' उन्होंने लिखा है, ‘‘इसकी पूरे देश को निंदा करनी चाहिए।'' दिवंगत राजेश पायलट, कांग्रेस नेता और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के पिता हैं।
https://twitter.com/ashokgehlot51/status/1691803714225672366
सचिन ने मालवीय के दावे पर पलटवार करते हुए मंगलवार को लिखा था, ‘‘आपके पास गलत तारीखें, गलत तथ्य हैं...हां, भारतीय वायु सेना के पायलट के रूप में मेरे दिवंगत पिता ने बम गिराए थे। लेकिन वह 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान तत्कालीन पूर्वी पाकिस्तान पर, न कि जैसा कि आप दावा कर रहे हैं, पांच मार्च, 1966 को मिजोरम पर।'' पायलट ने अपने पिता राजेश पायलट के 29 अक्टूबर, 1966 को भारतीय वायु सेना में भर्ती होने का प्रमाण भी साझा किया। (एजेंसी)