लिएंडर पेस जन्मदिन विशेष: ओलंपिक में पदक जीतकर रचा था इतिहास, पत्नी से विवाद भी हुआ था काफी चर्चित

भारत के पूर्व टेनिस स्टार लिएंडर पेस लोकप्रिय और कामयाब खिलाड़ी थे। आज यानी की 17 जून को वह अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। लिएंडर ने ग्रैंड स्लैम में भी सफलता हासिल की है। जबकि उन पर उनकी पत्नी ने बड़ा आरोप भी लगाया था, जो काफी सुर्खियों में रहा था।
Leander Paes Birthday Special
लिएंडर पेस
Published on
Updated on

नई दिल्ली: भारत के सबसे सफल टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस 17 जून (सोमवार) को अपना 51वां जन्मदिन मनाएंगे। पेस ने पुरुष एकल में शीर्ष स्तर के खिलाड़ी के रूप में शुरुआत की और फिर युगल में खुद को स्थापित किया। उन्होंने 18 ग्रैंड स्लैम अपने नाम किए हैं। साथ ही साल 1996 में लिएंडर ने ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

पेस का जन्म कोलकाता में हुआ। उन्होंने 5 साल की उम्र से ही खेलना शुरू कर दिया था। उनके माता-पिता भी  खेल से ही जुड़े थे और भारतीय खेलों में सफलता भी हासिल की। उनके पिता वीस पेस ने 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम के लिए मिडफील्ड खेला था। जबकि उनकी मां जेनिफर पेस ने 1980 के एशियाई बास्केटबॉल चैम्पियनशिप में भारतीय बास्केटबॉल टीम की कप्तान रहीं थी। फिलहाल पेस हरियाणा के वर्तमान खेल राजदूत के रूप में कार्य कर रहे हैं।

ओलंपिक में रचा इतिहास

लिएंडर पेस ने 1996 के अटलांटा ओलंपिक खेलों में एकल वर्ग में भारत के लिए कांस्य पदक जीता था। उन्होंने टूटी कलाई के साथ इस मैच में खेला था। उनके नाम इतिहास में किसी भी टेनिस स्टार द्वारा सबसे अधिक ओलंपिक में भाग लेने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने लगातार सात बार यह कारनामा किया है।

ग्रैंड स्लैम प्रदर्शन

युगल और मिश्रित युगल वर्ग में पेस ने 2006, 2009 और 2013 में तीन यूएस ओपन जीते हैं। साथ ही 2012 में एक ऑस्ट्रेलियन ओपन, 1999, 2001 और 2009 में तीन फ्रेंच ओपन चैंपियनशिप, 1999 में एक विंबलडन और 2012 में एक यूएस ओपन अपने नाम किया है। इतना ही नहीं पेस के करियर में इनाम की बात करें तो उन्होंने करीब 8.6 मिलियन डॉलर की रकम जीती है।

पेस के नाम राष्ट्रीय पुरस्कार

  • अर्जुन पुरस्कार: 1990
  • राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार: 1996-97
  • पद्मश्री पुरस्कार: 2001
  • पद्म भूषण पुरस्कार: 2014

विवाद में फंसे

लिएंडर पेस साल 2005 से मॉडल रिया पिल्लई के साथ रह रहे थे। दोनों की एक बेटी अनाया भी है। लेकिन जब इन दोनों का रिश्ता टूटा तो रिया ने उन पर यह आरोप लगाया कि वह शादीशुदा हैं। लेकिन पेस ने हमेशा से इस आरोप से इंकार किया है। जब पेस और रिया की बेटी अनाया को ब्रेन ट्यूमर हो गया तो इलाज के लिए रिया ने पेस से गुजारे भत्ते की मांग भी की। जिसके बाद यह विवाद कोर्ट तक चला गया था।

2021 में लिया संन्यास

2023 में पेस ने अपनी नई टेनिस प्रीमियर लीग टीम लॉन्च की है। जिसका नाम उन्होंने बंगाल विज़ार्ड्स रखा है। पेस ने 2021 में पेशेवर टेनिस से संन्यास ले लिया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com