महज 5 रन से इंग्लैंड का किला टूटा… साउथ अफ्रीका ने 27 साल बाद ब्रिटेन की धरती पर रचा इतिहास
2nd ODI South Africa vs England: साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को दूसरे वनडे में 5 रन से हराते हुए तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। यह इंग्लैंड की सरजमीं पर 1998 के बाद उनकी पहली वनडे..
- Written By: अमन उपाध्याय
साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को दूसरे वनडे में 5 रन से हराया, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
South Africa vs England Match: साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को दूसरे वनडे में 5 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। यह इंग्लैंड की जमीन पर उनकी 1998 के बाद पहली वनडे सीरीज जीत है। मई 1998 में इंग्लैंड ने अपने घर पर खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीती थी। उस सीरीज में साउथ अफ्रीका ने शुरुआती दो मुकाबले अपने नाम किए थे, लेकिन फिर इंग्लैंड ने आखिरी मैच को सात विकेट से जीतकर अपनी लाज बचा ली थी।
इंग्लैंड की टीम एक बार फिर अपने ही मैदान पर साउथ अफ्रीका के हाथों वनडे सीरीज गंवा चुकी है। अब उसके पास केवल तीसरे और अंतिम मुकाबले को जीतकर इज्ज़त बचाने का अवसर होगा। यह निर्णायक मैच सात सितंबर को साउथैम्पटन में खेला जाएगा। लंदन में गुरुवार देर रात खेले गए दूसरे वनडे की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीता, लेकिन पहले बल्लेबाजी का मौका साउथ अफ्रीका को मिला। मेहमान टीम ने 8 विकेट खोकर 330 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
19 ओवर में गिरे तीन विकेट
साउथ अफ्रीका को एडन मार्करम और रयान रिकेल्टन ने ठोस शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर 13.1 ओवर में 73 रन जोड़े। हालांकि, रिकेल्टन 33 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कप्तान टेंबा बावुमा केवल चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं, मार्करम ने 64 गेंदों पर एक छक्का और छह चौके लगाते हुए 49 रन की पारी खेली। बेहतरीन शुरुआत के बावजूद साउथ अफ्रीका की टीम 19 ओवर में तीन विकेट खोकर सिर्फ 93 रन ही जोड़ पाई थी।
सम्बंधित ख़बरें
SL vs IND: 15 अगस्त से भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज का आगाज, जानिए WTC पॉइंट्स टेबल और ICC रैंकिंग का पूरा गणित
2027 World Cup से पहले वैभव सूर्यवंशी को मिले टीम इंडिया में मौका? पूर्व चयनकर्ता ने BCCI से की बड़ी मांग
KKR ने फिर थामा रयान टेन डोशेट का हाथ, टीम इंडिया छोड़ने के बाद मिली बड़ी जिम्मेदारी
भारतीय स्टार ओपनर प्रतिका रावल इंग्लैंड में खेलेंगी काउंटी क्रिकेट, Warwickshire Women से किया करार
जोफ्रा आर्चर रहे सबसे प्रभावी गेंदबाज
फिर मैथ्यू ब्रीत्जके ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 147 रन जोड़ते हुए टीम को मज़बूत स्थिति में पहुंचा दिया। ब्रीत्जके ने 77 गेंदों पर 85 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके अलावा स्टब्स ने 58 रन और डेवाल्ड ब्रेविस ने 42 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में विपक्षी टीम के खिलाफ जोफ्रा आर्चर सबसे प्रभावी रहे और उन्होंने चार विकेट अपने नाम किए। आदिल राशिद ने दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, वहीं जैकब बेथेल को भी एक विकेट हासिल हुआ।
यह भी पढ़ें:- हॉकी एशिया कप में भारत ने मलेशिया को रौंदा, पहले मिनट में गोल खाने के बाद किया चारों खाने चित
नांद्रे और केशव महाराज ने लिए विकेट
इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 325 रन तक ही पहुंच पाई। मेजबान टीम की ओर से जोस बटलर और जो रूट ने समान 61-61 रन की पारी खेली, जबकि जैकब बेथेल ने 58 रन जोड़े। हालांकि इन पारियों के बावजूद इंग्लैंड जीत हासिल करने में असफल रहा। दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका के लिए नांद्रे बर्गर ने तीन विकेट झटके और केशव महाराज ने दो बल्लेबाजों को आउट किया।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
