ब्लाइंड टीम इंडिया (सौजन्यः सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क, नवभारत: चैंपियंस ट्रॉफी की तरह ब्लाइंड क्रिकेट टी20 वर्ल्ड कप 2024 भी पाकिस्तान में होना है। लेकिन एक बार फिर भारत ने पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका दिया है। अब ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए भी टीम इंडिया पाकिस्तान नहीं जाएगी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सरकार ने टीम को पाकिस्तान जाने की इजाजत नहीं दी है। इसके बाद टीम इंडिया ने अपना नाम वापस ले लिया है। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो भारत ने ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप 2024 से नाम वापस ले लिया है। सरकार ने टीम इंडिया को पाकिस्तान जाने की इजाजत नहीं दी। ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप 23 नवंबर से 3 दिसंबर तक होना है। लेकिन भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेगी। भारतीय टीम ब्लाइंड टी20 वर्ल्ड कप की चैंपियन रही है। ऐसे में भारत के पाकिस्तान न जाने से उसे भी बड़ा झटका लगा है।
ब्लाइंड टीम इंडिया ने टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया ने 2022 के फाइनल में बांग्लादेश को बुरी तरह हराया था। भारत ने यह मैच 120 रनों से जीता था। भारत ने फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 277 रन बनाए थे। जवाब में बांग्लादेश की टीम 157 रन ही बना पाई थी। भारत ने साल 2012 और 2017 में भी दमदार खेल दिखाया था।
खेल जगत से जुड़ी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
जानकारी के लिए बता दें कि भारत की मुख्य टीम भी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान नहीं जा रही है। भारत सरकार ने इन्हें भी पाकिस्तान जाने की इजाजत नहीं दी है। चैंपियंस ट्रॉफी अगले साल पाकिस्तान में होनी है। लेकिन टीम इंडिया का इस टूर्नामेंट के लिए पाकिस्तान जाना लगभग असंभव है। बीसीसीआई ने आईसीसी को साफ कर दिया है कि भारतीय टीम सुरक्षा कारणो की वजह से पाकिस्तान नहीं जाएगी।
क्रिकेट जगत में चैंपियंस ट्रॉफी इस समय चर्चा का मुद्दा बना हुआ है। जिस पर काफी विवाद भी हो रहा है। पाकिस्तान ने हाल ही में इस टूर्नामेंट की ट्रॉफी को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में ले जाने का प्रस्ताव रखा था। लेकिन भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की आपत्ति के बाद आईसीसी ने इसे रद्द कर दिया था।