पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी का हुआ निधन
Former Pakistan player and umpire Rab Nawaz Passes Away: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। भारत और श्रीलंका में चल रहे इस टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तान के 85 वर्षीय पूर्व खिलाड़ी और इंटरनेशनल अंपायर रब नवाज का निधन हो गया। उनके निधन से पाकिस्तान क्रिकेट में शोक की लहर है।
रब नवाज के निधन की जानकारी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक बयान जारी कर दी। बोर्ड ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। पीसीबी ने लिखा कि “आज पूर्व इंटरनेशनल अंपायर रब नवाज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. वे 85 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे. नवाज एक दाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ के ऑफ-स्पिन गेंदबाज थे. उन्होंने 1982 से 1984 तक दो प्रथम श्रेणी मैच खेले और दो वनडे मैचों में अंपायरिंग की. दिवंगत आत्मा को शाश्वत शांति मिले और सर्वशक्तिमान ईश्वर परिवार और प्रियजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और सांत्वना प्रदान करें”
रब नवाज का जन्म 17 अक्टूबर 1940 को लाहौर में हुआ था। 85 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने सीमित अवसर पाए, लेकिन खेल से उनका जुड़ाव लंबे समय तक बना रहा। उन्होंने दो प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले, जिनमें कुल 26 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 8.66 रहा। गेंदबाजी में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। हालांकि खिलाड़ी के रूप में उनका करियर छोटा रहा, लेकिन अंपायरिंग के जरिए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई।
ये भी पढ़ें: गजबे है…इधर हार्दिक पांड्या हुए आउट, उधर नई नवेली गर्लफ्रैंड महिका शर्मा ने बजा डाली ताली, शुरू हुई ट्रोलिंग
रब नवाज ने 29 मार्च 1982 को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच खेले गए वनडे मुकाबले में पहली बार अंपायरिंग की। इसके बाद 1984 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए वनडे मैच में उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय अंपायरिंग करियर का आखिरी मुकाबला संभाला। वह कुल दो वनडे मैचों में अंपायर की भूमिका निभा सके। भले ही उनका अंतरराष्ट्रीय करियर लंबा नहीं रहा, लेकिन क्रिकेट के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को हमेशा याद किया जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप के रोमांच के बीच आई इस खबर ने क्रिकेट जगत को भावुक कर दिया है। रब नवाज का योगदान और उनका शांत स्वभाव हमेशा याद रखा जाएगा।